क्या गुजरी होगी उन मां-बाप पर जब बेटी के बारे में ऐसा पता चला

भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र के बाल विहार आनंद नगर में रहने वाली एक विवाहिता ने गुरुवार को अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका का ससुराल पक्ष उसको मानसिक रूप से बीमार बता रहा है। जबकि मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पिपलानी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आनंद नगर चौकी प्रभारी एसआई नीलेश अवस्थी ने बताया बाल विहार आनंद नगर निवासी पूनम पति राजेश देशबारी (28) ने गुरूवार शाम करीब पांच बजे अपने घर में पंखे से साड़ी का फंदा बांधकर फांसी लगा ली। घटना का पता चलते ही पति खिड़की का कांच तोड़कर अंदर पहुंचा और फंदा काट कर उसने नीचे उतारा। इसके बाद परिजनों के साथ पूनम को अस्पताल पहुंचाया।
जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती जांच में पता चला है पूनम शिवलोक कॉलोनी खजूरी कलां की रहने वाली थी। उसकी शादी दिसंबर 2011 में राजेश से हुई थी। राजेश एक निजी कॉलेज में सुपरवाइजर है। शादी के बाद राजेश अपनी पत्नी, माता-पिता और बड़े भाई के साथ रहता है।
मृतका के परिजनों ने लगाए आरोप
पूनम के मायके वालों ने पति राजेश, सास-ससुर और जेठ पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने आनंद नगर चौकी प्रभारी नीलेश अवस्थी को बताया है ससुराल वाले उसे घरेलू कामकाज को लेकर उसे काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे। पूनम ने इस बात का जिक्र अपने माता-पिता से भी किया था। हालांकि पुलिस को मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों ने पूनम को मानसिक रूप से बीमार बताया है। मृतका के विवाह को ज्यादा समय न होने के कारण इस मामले की जांच अब सीएसपी करेंगे।