धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज की अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब
धनबाद : धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की अंतिम यात्रा में बुधवार को समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों बाइक और दर्जनों वाहनों के बीच नीरज सिंह जिंदाबाद और झरिया विधायक मुर्दाबाद के नारों के बीच उनकी शव यात्रा रघुकुल से मोहलबनी घाट तक गई। मोहलबनी में उनका दाहसंस्कार किया गया। इस मौके पर सुबोध कांत सहाय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ताओं के अलावा समर्थक मौजूद थे।
बताते चलें कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे अज्ञात शूटरों ने सरायढेला स्टीलगेट के पास पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह के फार्च्यचूनर पर कारबाइन से अंधाधुंध फाय¨रग कर उन्हें छलनी कर दिया था। वारदात के वक्त वाहन में उनके साथ सवार निजी सचिव अशोक यादव, चालक घोल्टू और सहयोगी मुन्ना तिवारी की भी मौका-ए-वारदात पर ही मौत हो गई थी। पुलिस प्रशासन ने चारों शव का पोस्टमार्टम रात में ही करा दिया। करीब साढ़े तीन बजे नीरज का शव रघुकुल पहुंचा था।
नीरज सिंह के निजी सचिव अशोक यादव का अंतिम संस्कार खुदिया नदी घाट पर किया गया, जबकि चालक घोल्टू के संस्कार मदनाडीह में पूरे हुए। जबकि सहयोगी मुन्ना तिवारी का शव मिर्जापुर स्थित पैतृक गांव भेज दिया गया। काफी समर्थक पूरी रात रघुकुल में जुटे रहे, जबकि सुबह होने के बाद भीड़ काफी बढ़ गई। समर्थकों का जत्था पहुंचने लगा। करीब साढ़े 11 बजे नीरज सिंह की शव यात्रा निकाली गई और करीब तीन बजे मोहलबनी घाट पहुंची और उनका दाहसंस्कार किया गया।
नीरज समेत चार हत्याओं की इस वारदात का असर धनबाद से लेकर झरिया तक देखा गया। खासकर सरायढेला स्टीलगेट में तो सारी दुकानें बंद रहीं, शहर में भी इसका असर पड़ा। झरिया में भी लगभग आधी दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी काफी कम देखने को मिली।
शव यात्रा को लेकर पुलिस की तरफ से पुख्ता व्यवस्था की गई थी। किसी बवाल या हंगामे की आशंका को देखते हुए पदाधिकारियों के नेतृत्व में शहर के चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किए गए थे। पुलिस ने अंतिम यात्रा की वीडियोग्राफी करवाई। कतरास मोड़ पर डीएसपी विकास पांडेय के साथ पूरी टीम शव यात्रा से पहले पहुंची थी।
वारदात की जांच शुरू :
वहीं वारदात की छानबीन के लिए जिला पुलिस, फोरेंसिक टीम, सीआइडी और रांची एसआइटी भी जुटी हुई है। जांच टीमों ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की। इधर जिला पुलिस की तरफ से संवेदनशील स्थानों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था बहाल की गई थी।
सिंह मैंशन में पुलिस तैनात : हत्या की वारदात के बाद सुरक्षा कारणों से झरिया विधायक संजीव सिंह के आवास सिंह मैंशन, कुंती निवास और कतरास मोड़ स्थित जनता मजदूर संघ कार्यालय में पुलिस बल तैनात कर दिये गए हैं।