डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया बेटे के साथ व्हाइट हाउस में हुईं शिफ्ट

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उनके बेटे बैरन अब व्हाइट हाउस में रहेंगे। मेलानिया बेटे बैरन के साथ व्हाइट हाउस शिफ्ट हो गई हैं। मेलानिया ट्रंप की संचार निदेशक स्टेफनी ग्रिशम ने रविवार रात ट्वीट कर कहा कि यह आधिकारिक है। मेलानिया और बैरन डीसी आ गए हैं।

20 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद डॉनल्ड ट्रंप वॉशिंगटन स्थित आधिकारिक प्रेज़िडेंट निवास वाइट हाउस में रहने आ गए। उनके साथ उनकी बेटी इवानका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनर भी वाइट हाउस में ही शिफ्ट हो गए, लेकिन ट्रंप की पत्नी मेलानिया अपने छोटे बेटे के साथ न्यू यॉर्क स्थित ट्रंप टावर में ही रह रहीं थीं। अब मेलानिया भी वाइट हाउस में शिफ्ट हो गई हैं। वाइट हाउस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मेलानिया अपने बेटे बैरन के साथ वाइट हाउस में रहने आ गई हैं।

एनबीसी के मुताबिक, मेलानिया ने बैरन के न्यूयॉर्क स्कूल में इस साल का सत्र पूरा होने तक वहीं रहने का फैसला किया था। डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया का 11 साल का बैरन न्यू यॉर्क में ही पढ़ाई कर रहा था। स्कूल का सत्र बीच में छोड़कर वह वॉशिंगटन नहीं आ सकता था। इसीलिए जब ट्रंप अपने बेटी-दामाद के साथ वाइट हाउस में रहने चले गए, तब भी बैरन का ध्यान रखने के लिए मेलानिया उसके साथ न्यू यॉर्क में ही रुकी रहीं।

1963 के बाद से व्हाइट हाउस में रहने वाले बैरन फर्स्ट बॉय हैं। उनसे पहले 1963 में जॉन एफ.कैनेडी का तीन वर्षीय बेटा भी यहां रहा था। मेलानिया ने रविवार रात ट्वीट कर कहा कि अपने नए घर की यादों को सहेजकर रखने के लिए आश्वस्त हूं।

यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप ने कतर से कहा, आतंकवाद को फंड देना तत्काल बंद करें

यह भी पढ़ें: ट्रंप इफेक्ट: साल 2016 में IT कंपनियों की ओर से वीजा आवेदनों में आई 37 फीसद की गिरावट