पाकिस्तान ने फिर तोड़ा सीजफायर, नौशेरा में दागे मोर्टार

जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास स्थित भारतीय चौकियों को निशाना बनाया है। आज सुबह पाकिस्तान की ओर से मोर्टार दागे गए और छोटे हथियारों से गोलीबारी कर भारतीय चौकियों को निशााना बनाया।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने नौशेरा सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। मेहता ने कहा, “पाकिस्तानी सेना ने बगैर उकसावे के छोटे और स्वचालित हथियारों व मोर्टार से सुबह करीब 10.30 बजे गोलीबारी शुरू की। दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। भारतीय सेना प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई कर रही है।”
पाकिस्तानी गोलीबारी में चार नागरिक घायल
बता दें कि इससे पहले रविवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलीबारी में एक महिला समेत चार नागरिक घायल हो गए थे। दोनों देशों की थल सेना के वरिष्ठ कमांडों के 24 अगस्त को नियंत्रण रेखा पर एक फ्लैग बैठक करने के बाद पुंछ में पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्ल्ंघन की यह पहली घटना है। हालांकि, हाल के दिनों में जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर उस ओर से गोलीबारी हुई है। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थिति आज शांतिपूर्ण रही और कहीं से किसी तरह की गोलीबारी की खबर नहीं है।