शराब पीने से रोका तो पानी की टंकी से कूदा 20 वर्षीय युवक, दर्दनाक मौत
भोपाल। राजधानी भोपाल के गुनगा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब पीने से रोकने पर परिजनों से हुए विवाद के बाद 20 वर्षीय युवक शंकर अहिरवार पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहां से छलांग लगा दी। इस घटना में युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, गुनगा गांव निवासी शंकर अहिरवार, पिता पदम अहिरवार, का शराब पीने की बात को लेकर परिजनों से विवाद हुआ था। परिजनों द्वारा शराब पीने से मना करने पर युवक नाराज हो गया। गुस्से में वह गांव के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया।
युवक को टंकी पर चढ़ा देखकर परिजन घबरा गए। उसे बचाने के लिए उसका भाई भी टंकी पर चढ़ा और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। भाई ने उसे नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वह उसे रोक नहीं पाया। इसी बीच शंकर ने पानी की टंकी से छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गुनगा थाना पुलिस ने कायम किया मर्ग
घटना की सूचना मिलने पर गुनगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान शंकर अहिरवार, पिता पदम अहिरवार, उम्र 20 वर्ष के रूप में की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गुनगा थाना प्रभारी रिंकू सिंह जाटव के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गुनगा गांव में शोक का माहौल है।

