रेरा के पूर्व चेयरमैन रिटायर्ड IAS एपी श्रीवास्तव के बैंक लॉकर से लाखों के गहने गायब, पुलिस ने दर्ज किया केस
भोपाल के SBI बैंक में था लॉकर नंबर 502, बेटियों सुरभि और श्रुति के नाम से खुलवाया था लॉकर, फोरेंसिक टीम कर रही जांच
भोपाल।भोपाल में बैंक लॉकर से लाखों रुपये के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। मामला मध्य प्रदेश के रेरा चेयरमैन और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी एपी श्रीवास्तव से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि उनके परिवार के नाम से बैंक में संचालित लॉकर से कीमती आभूषण गायब मिले हैं। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुबई से आई बेटी को गहने दिखाने पहुंचे थे बैंक
जानकारी के अनुसार, एपी श्रीवास्तव की बेटी सुरभि दुबई से भोपाल आई हुई थीं। उन्हें परिवार के गहने दिखाने के लिए श्रीवास्तव बेटी के साथ 12 नवंबर को आईआईएफएम परिसर स्थित एसबीआई शाखा पहुंचे थे। लॉकर खोलने के दौरान चाबी में परेशानी आ रही थी। बैंक अधिकारियों की मदद से जब लॉकर खोला गया तो वह पूरी तरह खाली मिला।
यह लॉकर नंबर 502 था, जिसे श्रीवास्तव ने अपनी दोनों बेटियों सुरभि और श्रुति के साथ संयुक्त रूप से खुलवाया था। श्रीवास्तव के अनुसार, वर्ष 2024 के बाद से लॉकर का इस्तेमाल नहीं किया गया था। लॉकर में रखे गहनों की तस्वीरें भी उनके पास मौजूद बताई गई हैं।
बैंक मैनेजर ने कही यह बात
शाखा प्रबंधक हरीश मेहरा ने लॉकर खाली मिलने की पुष्टि की। उनका कहना है कि बैंक को इस बात की जानकारी नहीं होती कि ग्राहक ने लॉकर के भीतर कौन-सा सामान रखा है। बैंक लॉकर की अभिरक्षा करता है, लेकिन उसकी सामग्री का विवरण बैंक के पास नहीं रहता।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी बैंक पहुंचकर लॉकर की जांच की है। लॉकर के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ हुई या नहीं, इसे लेकर तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस बैंक के रिकॉर्ड और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
इस घटना ने बैंक लॉकरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि वर्ष 2024 के बाद इस्तेमाल नहीं किए गए लॉकर से गहने आखिर कब और कैसे गायब हुए? लॉकर तक किसकी पहुंच थी और बैंक के सुरक्षा इंतजामों में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और फोरेंसिक जांच के जरिए मामले की गुत्थी सुलझाने की कोशिश की जा रही है।

