फॉरेस्ट SDO के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, भोपाल-छिंदवाड़ा और पचमढ़ी में एक साथ कार्रवाई
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त की दबिश, पचमढ़ी में पदस्थ संजू कुमार शर्मा के आवास और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही टीमें
भोपाल। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने शनिवार, 14 नवंबर को वन विभाग के एक अधिकारी के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त भोपाल की टीम ने वन विभाग में पदस्थ एसडीओ संजू कुमार शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संजू कुमार शर्मा वर्तमान में पचमढ़ी में वन विभाग के एसडीओ के पद पर पदस्थ हैं। लोकायुक्त की टीम ने छिंदवाड़ा की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर दबिश दी है। इसके अलावा पचमढ़ी में भी दूसरी टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही है। भोपाल से लोकायुक्त की अलग-अलग टीमें इस कार्रवाई में शामिल हैं। लोकायुक्त की टीमें संबंधित ठिकानों पर संपत्ति के दस्तावेज, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। छापे में कितनी संपत्ति और कौन-कौन से महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, इसका आधिकारिक खुलासा फिलहाल नहीं हुआ है।
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर कार्रवाई
बताया गया है कि अधिकारी के खिलाफ उनकी सेवा अवधि के दौरान ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त ने प्रकरण दर्ज किया और न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
दस्तावेज, बैंक खाते और निवेश की जांच
लोकायुक्त की टीमें संबंधित ठिकानों पर संपत्ति के दस्तावेज, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। छापे में कितनी संपत्ति और कौन-कौन से महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, इसका आधिकारिक खुलासा फिलहाल नहीं हुआ है।
लोकायुक्त भोपाल के डीएसपी अजय मिश्रा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद अलग-अलग टीमों को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति का वास्तविक आकलन सामने आएगा।
फिलहाल लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है। छापे में सामने आने वाली संपत्ति और अन्य खुलासों पर सबकी नजर है।

