Threads को 4 घंटों में 50 लाख यूजर मिले:लॉन्च के 2 घंटे बाद ही यह संख्या 20 लाख हो गई थी, इसे ‘ट्विटर किलर’ कहा जा रहा

सोशल मीडिया फर्म मेटा के मालिक मार्क जुकरबर्ग ने अपना नया ऐप थ्रेड्स लॉन्च कर दिया है। ये ऐप इंस्टाग्राम से लिंक होकर चलता है। इसे ट्विटर किलर कहा जा रहा है क्योंकि ये भी टेक्स्ट-बेस्ड कन्वर्सेशन ऐप है। यूजर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल करके थ्रेड्स में लॉग इन कर सकते हैं। यूजर इंस्टाग्राम पर जिसे फॉलो करते हैं वो उन्हें थ्रेड पर भी फॉलो कर सकते हैं।

थ्रेड्स को यूजर्स का भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। लॉन्च के केवल चार घंटों में ही 50 लाख यूजर्स ने इसमें साइन अप किया है। मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने पहले बताया था कि थ्रेड्स ने पहले दो घंटों में 20 लाख साइन अप पार कर लिए हैं।

थ्रेड्स ऐप को 100 से ज्यादा देशों में एपल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है। रेगुलेटरी चिंताओं के कारण इस ऐप को यूरोपियन यूनियन में लॉन्च नहीं किया गया है। लोग 500 कैरेक्टर तक लंबे थ्रेड्स पोस्ट पब्लिश कर सकते हैं। लोग इस ऐप पर लिंक, फोटो और वीडियो भी शेयर कर सकते हैं। वीडियो 5 मिनट तक लंबे हो सकते हैं।
इस नए ऐप के जरिए कम्युनिटीज करंट और ट्रेंडिंग दोनों टॉपिक्स पर चर्चा करने के लिए एक साथ आ सकते हैं। इसके जरिए आप अपने फेवरेट क्रिएटर्स के साथ भी कनेक्ट हो सकते हैं। अपने आइडिया और ओपिनियन को शेयर कर आप अपनी एक लॉयल फॉलोइंग भी बिल्ड कर सकते हैं। ये ऐप आपकी फाइनेंशियल इंफो, कॉन्टेक्ट इंफो जैसा डेटा कलेक्ट करता है।

इंस्टाग्राम के हेड एडम मोसेरी ने कहा कि एलन मस्क के अंडर ट्विटर की “अस्थिरता” और “अप्रत्याशितता” ने मेटा को ट्विटर के साथ कॉम्पिटिशन करने का मौका दिया।