आम लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान करना लोकसेवकों का कर्तव्य’, राष्ट्रपति मुर्मु ने तकनीक को लेकर कही ये बात

राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे समय में जब लोग सोशल मीडिया पर अपनी शिकायतें तुरंत पोस्ट कर सकते हैं तो उसके समाधान के लिए उन्नत तकनीक का उपयोग करने की आवश्यकता कई गुना बढ़ गई है। ऊर्जावान और जागरूक लोकसेवकों के रूप में आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं पर तुरंत प्रतिक्रिया देना आपका कर्तव्य है। आपको ऐसे नवीन उपाय करने चाहिए जो नागरिकों और देश के लिए फायदेमंद हों।

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को कहा कि आम लोगों के लिए लाभकारी नए उपाय अपनाने के अलावा उनकी शिकायतों का समाधान करना लोकसेवकों का कर्तव्य है। मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में प्रशिक्षु अधिकारियों के एक समूह को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं पर जनता की प्रतिक्रिया अब एक कुशल और जवाबदेह प्रशासन के लिए बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है।

उन्नत तकनीक का उपयोग करने की आवश्यकता कई गुना बढ़ गई है

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब लोग सोशल मीडिया पर अपनी शिकायतें तुरंत पोस्ट कर सकते हैं तो उसके समाधान के लिए उन्नत तकनीक का उपयोग करने की आवश्यकता कई गुना बढ़ गई है। ऊर्जावान और जागरूक लोकसेवकों के रूप में आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं पर तुरंत प्रतिक्रिया देना आपका कर्तव्य है।