कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक से दिग्गजों ने बनाई दूरी,बैठक में नहीं पहुंचे कमलनाथ ,दिग्विजय, गोविंद सिंह, अजय सिंह

कमलनाथ और दिग्विजय पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, अजय सिंह बैठक में नहीं पहुंचे
भोपाल । मध्य प्रदेश के लोकसभा चुनाव में क्लीन स्वीप के बाद कांग्रेस ने हार के कारणों की समीक्षा करने कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक बुलाई थी। लेकिन इस बैठक से दिग्गजों ने दूरी बनाई और हार की समीक्षा बैठक में कांग्रेस के दिग्गज नदारद रहे।
कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में कमलनाथ ,दिग्विजय, गोविंद सिंह, अजय सिंह नहीं पहुंचे। चारों नेता पॉलिटिकल अफेयर कमेटी के सदस्य है।
फैक्ट फाइंडिंग की बैठक में पहुंचे लखन घनघोरिया ने दिग्विजय सिंह और नकुलनाथ के बैठक में शामिल नहीं होने पर बड़ा बयान देते हुए कहा दिग्विजय सिंह और नकुलनाथ के ही हैं यह सभी लोग।
लखन घनघोरिया ने कहा नकुलनाथ और दिग्विजय सिंह की अपनी अपनी व्यवस्थाएं हैं।फैक्ट फाइंडिंग की बैठक में यह निकल जाएगा कि हम लोकसभा चुनाव क्यों हारे, क्या कारण रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा लोकसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा हेतु गठित फैक्ट फाइंड़िग कमेटी (समीक्षा समिति) प्रथम दिन और राजनैतिक मामलों के लिए गठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की दूसरे दिन हुई बैठक में समिति के सदस्य महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, सांसद सत्यागिरी उल्का और विधायक जिग्नेश मेवानी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पहले दिन फैक्ट फाइंड़िग कमेटी (समीक्षा समिति) की बैठक में मध्यप्रदेश के लोकसभा चुनाव 2024 के कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ वन-टू-वन चर्चा की और लोकसभा में आए परिणाम और हार के कारणों की समीक्षा की।
वहीं दूसरे दिन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में समिति के सदस्यों ने राजनैतिक मामलों पर गहन मंथन किया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह उपस्थित थे। दिन भर चली बैठक में राजनैतिक मामलों पर गहन मंथन हुआ।
राजीव सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान प्रदेश भर से आये लोकसभा चुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी, विधायक, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेताओं से भी अभा कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित समिति के सदस्यों से मुलाकात कर राजनैतिक चर्चा की।