जायरा वसीम विवाद पर इरफान पठान ने दिया ऐसा बयान

बड़ौदा। क्रिकेटर इरफान पठान ने इस बात पर निराशा व्यक्त की कि भारत में लोग महिलाओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण बातों को छोड़कर राष्ट्रीयता और धर्म जैसी बातों पर चर्चा करते हैं।

फिल्म दंगल में काम कर चुकी अभिनेत्री जायरा वसीम ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड कर यह आरोप लगाया था कि विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में उनसे छेड़छाड़ की गई थी। जायरा ने यह वीडियो इसलिए बनाया क्योंकि वे इस तरह के गलत काम के खिलाफ आवाज उठाना चाहती थी।

जायरा ने कहा था, विस्तारा की फ्लाइट में एक व्यक्ति बार-बार अपने पैर से मेरी पीठ और गले को छूने की कोशिश करता रहा। यह भयावह था। अगर आप खुद अपनी मदद के लिए आगे नहीं बढ़े तो कोई भी मदद के लिए नहीं आता।

इस मामले को लेकर इरफान पठान ने ट्‍वीट किया, एक लड़की के साथ फ्लाइट में छेड़छाड़ होती हैं और लोग राष्ट्रीयता और धर्म के बारे में बातें करने में बिजी हैं। मैं लोगों की मानसिकता को देखकर आश्चर्यचकित हूं।