BJP सदस्यता अभियान में पिछड़े मंत्री शाह, भूरिया टॉप पर रहे विजयवर्गीय, तोमर और सिलावट, सक्रिय सदस्यता अभियान शुरु

विकास तिवारी, भोपाल
मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान में प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों ने भी बढ़चढ़ कर भागीदारी की है। दूसरे चरण में पार्टी ने डेढ़ करोड़ के सदस्यता लक्ष्य से आगे जाकर सदस्य बनाए है। इस अभियान में सदस्य बनाने के मामले में प्रदेश के तीन मंत्री नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सदस्यता अभियान में सबसे अव्वल रहे है। उनके बाद उर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और जलसंसाधन मंत्री तुलसी सिलावट तीसरे स्थान पर रहे है।
भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के मामले में प्रदेश के जनजातीय कार्य और भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री कुंवर विजय शाह मंत्रियों में सबसे पीछे रहे है। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया उनसे थोड़े सदस्य बना कर ठीक उनके उपर है लेकिन मंत्रियों में नीचे से दूसरे क्रम पर रही है।
भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान में यदि विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों की बात करें तो इंदौर एक एक लाख 58 हजार 53 सदस्य बनाकर प्रदेश में सबसे पहले स्थान पर है। इंदौर दो डेढ़ लाख सदस्य बनाकर दूसरे स्थान पर रही है। वहीं भोपाल मध्य एक लाख दस हजार सदस्य बनाकर टॉप तीन में शामिल होंने में सफल रही है। यदि सदस्यता अभियान में पीछे रहने वाले विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो पुष्पराजगढ़, लखनादौन और थांदला तीन ऐसे विधानसभा क्षेत्र हैं जो भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान में सबसे पीछे रह गए है।
मध्यप्रदेश में कुल 64 हजार 871 बूथों पर सदस्यता अभियान चलाया गया था। सांसदों को पच्चीस हजार, विधायकों को पंद्रह हजार, महापौर को दस हजार और नगर पालिका अध्यक्षों को पांच हजार तथा पार्षदों को दो हजार से पांच हजार का लक्ष्य दिया गया था। हर बूथ पर दो सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य था लेकिन औसतन 232 सदस्य बनाए गए है।
सक्रिय सदस्यता अभियान शुरु 31 तक चलेगा-
मध्यप्रदेश में भाजपा का सक्रिय सदस्यता अभियान सोलह अक्टूबर से शुरु हो गया है और 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें भाजपा के संविधान में पचास सक्रिय सदस्य बनाने की अनिवार्यता है लेकिन पार्टी ने सौ प्राथमिक सदस्य बनाने की शर्त रखी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा का कहना है कि जिस तरह हमने दूसरे चरण में डेढ़ करोड़ सदस्यों का लक्ष्य पूरा कर उससे आगे निकले है अब सक्रिय सदस्यता अभियान में भी हम इतिहास रचेंगे। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में पार्टी ने कुल एक करोड़ 50 लाख 74 हजार 300 सदस्य बनाकर रिकार्ड बनाया है।सदस्य संख्या के हिसाब से यूपी के बाद मध्यप्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।