प्रदेश की 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डाले 1573 करोड़ रुपए

 

 

सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 55 लाख हितग्राहियों को 333 करोड़ रुपये और 26 लाख लाड़ली बहनों को गैस सिलेंडर की रिफिल के लिए 55 करोड़ रुपये भी दिए

लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों को दी जाने वाली राशि में की जायेगी वृद्धि : मुख्यमंत्री

तलवार बाजी का प्रदर्शन कर बनाया वर्ल्ड रिकार्ड

भोपाल।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने इंदौर के नेहरु स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से लाड़ली बहना योजना के तहत 1.29 करोड़ बहनों को नवम्बर माह की किश्त के रूप में 1573 करोड़ रुपए अंतरित किये। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 55 लाख हितग्राहियों के खाते में 333 करोड़ रुपए और 26 लाख लाड़ली बहनों के खाते में गैस सिलेंडर की रिफिल के लिए 55 करोड़ रुपए की राशि भी अंतरित की। उन्होंने यह राशि लोकमाता श्री देवी अहिल्या जी की 300 वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में वीरांगना बेटियों के लिए आयोजित शौर्यवीरा कार्यक्रम में अंतरित की। इस मौके पर देश में पहली बार हजारों बालिकाओं और महिलाओं द्वारा एक साथ, एक समय, एक स्थान पर सामूहिक तलवारबाजी प्रदर्शन का वर्ल्ड रिकॉर्ड कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन की एक बड़ी पहल है। इस योजना के तहत शुरूआत में हर एक महिला को एक हजार रुपए प्रतिमाह दिये गये। इसके बाद यह राशि बढ़ाकर 1250 रुपए प्रतिमाह की गई। इस राशि में आगे और भी वृद्धि की जायेगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, विधायक महेंद्र हार्डिया तथा मनोज पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य शासन द्वारा महिलाओं को एक और सौगात दी जा रही है। हाल ही में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि शासकीय सेवाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत की बजाय अब 35 प्रतिशत का आरक्षण मिलेगा। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया मुकाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 का संचालन किया जा रहा है। यह योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना एवं गैर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की लाडली बहनों को माह जुलाई 2023 से निरंतर 450 रुपए में गैस रिफिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इस कार्यक्रम में गैस रिफिल कराने वाली 26 लाख से अधिक महिलाओं को आॅयल कंपनियों एवं मध्यप्रदेश इलेक्ट्रॉनिक डवलपमेन्ट कापोर्रेशन के माध्यम से उनके आधार लिंक बैंक खाते में 55.60 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा रहा है। लाडली बहनों को सस्ते दाम पर रसोई गैस प्राप्त होने पर उनके घर खर्च में बचत होने के साथ-साथ चूल्हे से खाना पकाने में होने वाले धुएं से बहनों एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव पर रोक लग सकेगी। लकड़ी का उपयोग कम होने से वनों एवं पर्यावरण की सुरक्षा भी होगी।