प्रदेश की लाडली बहनों को अब हर महीने मिलेंगे 1500 रुपए,12 नवंबर को सिवनी में सीएम देंगे बढ़ी हुई राशि
भोपाल। मध्यप्रदेश में लाडली बहना योजना के तहत अब सवा करोड़ से अधिक लाडली बहनों को हर माह 1,500 की राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 12 नवंबर को सिवनी से यह राशि सिंगल क्लिक ट्रांसफर करेंगे। कैबिनेट में आज इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई प्रमुख निर्णय लिए गए।
सीएम ने मंत्रियों को बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती प्रदेशभर में गौरवपूर्ण ढंग से मनाई जाएगी। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जबलपुर और अलीराजपुर में होंगे, जबलपुर से प्रधानमंत्री लाइव जुड़ेंगे।सभी जिलों में जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित करने हेतु जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सीएम ने मंत्रियों को बताया कि भावांतर योजना के अंतर्गत सोयाबीन का मॉडल रेट 4036 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। 13 नवंबर को देवास से 1.32 लाख किसानों को 300 करोड़ रुपए की राशि का सिंगल क्लिक से वे किसानों को भुगतान करेंगे।
प्रदेश में बिजली बिल समाधान योजना जारी, उपभोक्ता 30 दिसंबर तक बिलों की विसंगतियां सुधार सकते हैं।
कैबिनेट में निर्णय लिया गया कि खंडवा जिले के मान्धाता क्षेत्र में नया सिविल न्यायालय स्थापित होगा। ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की संशोधित लागत 2,424 करोड़ रुपए स्वीकृत की है। यहां 108 फीट ऊँची आदि शंकराचार्य प्रतिमा तैयार की जाएगी।
कैबिनेट में रेस्को सोलर योजना के तहत सभी शासकीय भवनों पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की जानकारी भी मंत्रियों को दी।

