351 बसों से अनंत चर्तुदशी पर होगा सीएम सुगम परिवहन सेवा का श्रीगणेश

एमपी के सात शहरों से चलेंगी 351 बसे,2031 तक एमपी में दौड़ने लगेंगी 14 हजार 981 बसें

 

भोपाल।

दो दिन बाद अनंत चर्तुदशी पर 25 सितंबर से भोपाल से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का श्रीगणेश होंने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भोपाल के दशहरा मैदान से इसकी शुुरुआत करेंगे। पहले दिन सात शहरों से कुल 351 बसों की शुरुआत की जाएगी। मध्यप्रदेश में आॅटो पायलट पर बसों का संचालन शुरु किया जाएगा। बसों का संचालन निजी आॅपरेटर से अनुबंध के आधार पर होगा। यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं इस सिस्टम में होगी। बसों की लाइव लोकेशन मिलेगी। स्पीड पर नियंत्रण होगा। बेहतर प्रशिक्षित ड्राइवर बसों का संचालन करेंगे और उन पर भी पूरी तरह नियंत्रण के इंतजाम किए जाएंगे।पूरे नेटवर्क में जवाबदेही को शामिल किया जाएगा। वर्ष 2031 तक मध्यप्रदेश में 14 हजार 981 बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

मध्यप्रदेश में गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए उपनगरीय क्षेत्रों तक 252 सिटी बस मार्ग तय किए गए है। क्षेत्रीय मुख्यालयों को अन्य क्षेत्रीय मुख्यालयों से जोड़ने वाले तीन हजार इंटरसिटी मार्ग तय किए गए है और क्षेत्रीय मुख्यालयों से अन्य राज्यों को जोड़ने के लिए 436 मार्ग बनाए गए है। हर रुट डेटा पर आधारित होगा और हर बस की निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। ओरिजन डेस्टिनेशन और ट्रेफिक सर्वे के आधार पर मार्गो का निर्धारण किया गया है।

यात्री सुरक्षा के लिए ड्राइवरों और बस दोनो की मानीटरिंग– बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा और ड्राइवरों की मानीटरिंग की जाएगी। हर बस में पैनिक बटन होगा और जीपीएस से बसों की लाइव लोकेशन यात्री अपने मोबाइल में देख सकेंगे। बस स्टॉप पर भी बसों की लाइव लोकेशन प्रदर्शित की जाएगी। नई इलेक्ट्रिक बसों और सीएनजी बसों को इसमें प्राथमिकता दी जाएगी। पहले दिन जो बसें चलेंगी उसमें सर्वाधिक 145 बसें इंदौर से चलेंगी। राजधानी भोपाल से 106 बसों का संचालन होगा। संस्कारधानी जबलपुर से 67 बसें शुरु होंगी। रीवा से 18, देवास से दस, कटनी से तीन और भिंड से दो बसों की शुरुआत होगी।

सात शहरों से कुल 120 इंटरसिटी, 105 इंट्रासिटी और 126 पीएम ई बस सेवाओं की शुरुआत की जाएगी।

भोपाल से नौ शहरों के लिए चलेंगी बसें-

भोपाल क्षेत्र में भोपाल से खरगौन, रतलाम, झाबुआ, उज्जैन, गुना, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा और बैतूल के लिए कुल 25 बसों का संचालन होगा।जबलपुर क्षेत्र में जबलपुर से छिंदवाड़ा, बालाघाट,सागर और कटनी से रिठी, कैमोर, बड़वारा, जबलपुर तथा रीवा के लिए कुल 24 बसों का संचालन होगा। इंदौर क्षेत्र में इंदौर से ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, उज्जैन, पन्न, चंदेरी,अनूपपुर, अशोकनगर, बीना, भोपाल, चंदेरी, छतरपुर और बड़वानी से आगर मालवा, रतलाम, उज्जैन, धार से पचमढ़ी, झाबुआ से भोपाल, ओंकारेश्वर से उज्जैन, खरगौन से नीमच, झाबुआ से भोपाल के बीच 27 मार्गो पर 89 बसों का संचालन किया जाएगा।