सर्वत्र से अब सभी 55 जिलों की प्रापर्टी की किसी अन्य जिले से भी हो जाएगी रजिस्ट्री

मोहन सरकार का नवाचार: भोपाल के कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर में 21 नवंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

विकास तिवारी, भोपाल

मध्यप्रदेश के किसी भी जिले में आपकी सम्पत्ति है तो उसे बेचने विक्रेता और क्रेता को अब उस जिले के पंजीयन दफ्तर में जाने की जरुरत नहीं होगी। महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक कार्यालय इसके लिए सर्वत्र(स्टेंपिंग एंड रजिस्ट्रेशन आॅफ वेरियस एसेट्स एंड ट्रांजेक्शन रिगार्डलेस आॅफ एरिया) की शुरुआत करने जा रहा है। 21 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इस नई सुविधा की विधिवत लांचिंग करेंगे। इससे बुजुर्ग, दिव्यांग और सेवानिवृत्त नागरिकों को अपनी मध्यप्रदेश के किसी भी जिले में स्थित प्रापर्टी को बेचने और उसकी रजिस्ट्री के लिए उस जिले में जाने की जरुरत नहीं होगी। प्रदेशभर के 23 उप पंजीयक कार्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध होगी।

महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक कार्यालय ने इसके पहले दस्तावेजों के पंजीयन के लिए अक्टूबर 2024 से दस्तावेजों के मध्यप्रदेश के किसी भी पंजीयन कार्यालय से पंजीयन कराने की सुविधा शुरु की थी। इसमें नान प्रापर्टी वाले दस्तावेजों का पंजीयन आॅनलाईन फेसलेस तरीके से विदेशों में बैठे नागरिक भी करा सकते है। इसके तहत लीज, लोन, पावर आॅफ अटार्नी के दस्तावेजों का पंजीयन शुरु किया गया था। इसके बाद फरवरी 26 में साइबर पंजीयन कार्यालय भोपाल में खोला गया था। यहां से प्रदेश के किसी भी जिले में स्थित दस्तावेजों के पंजीयन की सुविधा शुरु की गई थी। अब संपदा 2.0 के तहत महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक कार्यालय पहली बार 21 नवंबर से सर्वत्र की शुरुआत करने जा रहा है। इस नई सुविधा के जरिए प्रदेश के आम नागरिक प्रदेश के किसी भी जिले में स्थित अपनी सम्पत्ति अन्य किसी भी जिले में स्थित उप पंजीयक कार्यालय में जाकर बेच या खरीद सकेंगे।

इस नई सुविधा में फे सलेस या आॅनलाईन पंजीयन की व्यवस्था नहीं होगी बल्कि मध्यप्रदेश के किसी भी जिले में स्थित भूमि, भवन सहित सभी प्रकार की अचल सम्पत्ति को वह किसी अन्य जिले में जाकर भी बेच सकेगा। इसके लिए उसे सम्पत्ति वाले जिले या उपपंजीयक कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इन नई सुविधा के तहत अचल सम्पत्ति के मालिक को अपनी अचल सम्पत्ति बेचने के लिए उस जिले में उप पंजीयक कार्यालय से आॅनलाईन स्लाट लेना होगा जहां वह सम्पत्ति बेचने के लिए रजिस्ट्री कराना चाहा है। क्रेता और विक्रेता दोनो को उस जिले के उप पंजीयक कार्यालय में उपस्थित होंना अनिवार्य होगा जहां उसे रजिस्ट्री कराना है। जो स्लाट बुक कराया जाएगा उसके तहत जिस सम्पत्ति को बेचना है उसकी जानकारी स्लाट वाले जिले से सम्पत्ति वाले जिले में भेजी जाएगी। वहां का उप पंजीयक इस सम्पत्ति की जांच करेगा। इसके लिए पांच दिन की समयसीमा तय होगी। वहां से एनओसी जारी होंने के बाद जहां सम्पत्ति का पंजीयन होना है वहां जानकारी भेजी जाएगी। इसके बाद छटवे दिन क्रेता और विक्रेता चाहे गए उप पंजीयक कार्यालय में जाकर अपनी अचल सम्पति को बेच कर उसका पंजीयन(रजिस्ट्री), नामांतरण करा सकेगा। इसमें क्रय-विक्रय, गिफ्ट, एक्सचेंज, पार्टीशन और सेटलमेंट के प्रापर्टी से जुड़े मामलों में मालिकाना हक का हस्तांतरण, नामांतरण हो सकेगा।