फोर्ब्स की स्टार्टअप लिस्ट में भारतीयों ने लहराया परचम, शामिल हुए 65 नाम

नई दिल्ली: फोर्ब्स ने 30 अंडर 30 एशिया की इस साल की लिस्ट मंगलवार को जारी कर दी है। इस लिस्ट में बॉलीवुड ऐक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधू समेत 65 भारतीय युवाओं के नाम शामिल है। इस लिस्ट में स्टार्टअप के जरिए शिखर तक पहुंचने वाले भारतीयों का नाम शामिल है। फोर्ब्स की इस लिस्ट में स्टार्टअप के मामले में भारतीयों का दबदबा है। जबकि तकनीक की श्रेणी में चीन, खेल में जापान के लोग आगे हैं।
फोर्ब्स की 30 अंडर 30 एशिया लिस्ट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य स्मृति मंधाना और भारतीय पोलो टीम के कप्तान पद्मनाभ सिंह का नाम भी है। इस लिस्ट में गरीब बच्चों तक 1 लाख जूतें पहुंचाने वाले रमेश धामी और श्रियांस भंडारी का नाम भी शामिल है। दोनों के स्टार्टअप ग्रीनसोल ने देशभर से पुराने जूतों को रिसाइकिल कर गरीब बच्चों तक पहुंचाया है। इस जोड़ी ने लगभग 4 हजार जोड़ी सैंडल भी बांटे हैं।
इसके साथ ही बॉबल कीबोर्ड के को फाउंडर अंतिक प्रसाद का नाम भी मौजूद है। अंकित ने एक ऐसा ऐप बनाया था जिसके जरिए सेल्फी लेने के बाद अपना कार्टून बनाकर मनचाहे मैसेज के साथ इमोजी बनाया जा सकता है। अंकित के इस एप को लगभग 1 करोड़ बार डाउनलोड किया गया है।
वहीं आंध्र प्रदेश के 28 साल के राहुल गायम का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। गायम ने इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा और बाइक की बदौलत फोर्ब्स तक पहुंचे हैं। बता दें कि वार्षिक 30 अंडर 30 एशिया सूची के तीसरे संस्करण में 10 श्रेणियों में 300 युवाओं को शामिल किया गया है, जो अपने क्षेत्र में स्टार्टअप के माध्यम से नए प्रतिमान गढ़ रहे हैं। इस लिस्ट में एशिया प्रशांत क्षेत्र के 24 देशों का प्रतिनिधित्व है। सूची में अजरबैजान और उत्तर कोरिया के युवा पहली बार जगह बना सके हैं।