महाराष्ट्रः पिकनिक मनाने रत्नागिरी गए परिवार की डूबने से मौत, 3 महिला 2 पुरुष शामिल

मुंबई से रत्नागिरी में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पिकनिक मनाने गये एक परिवार के पांच सदस्यों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा रत्नागिरी के आरे-वारे बीच पर हुआ। जहां नहाते समय अचानक पानी का स्तर बढ़ गया, जिसमें सभी लोग डूबने लगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में एक को छोड़कर बाकी सभी डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। डूबने वालों में तीन महिला और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।

सिर्फ को बचाया जा सका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुंबई के बोरीवली में रहने वाला डिसूजा परिवार गर्मी की छुट्टी मनाने महाराष्ट्र के रत्नागिरी गया हुआ था। डिसूजा परिवार के छह सदस्य रत्नागिरी के आरेवारे बीच पर नहा रहे थे। इनमे रेंचर डिसूजा (19), मैथ्यू डिसूजा (18), केनेथ डिसूजा (54), मोनिका डिसूजा (44), रीटा डिसूजा (70) और सनोमी डिसूजा (22) शामिल थे। नहाते समय अचानक पानी का स्तर बढ़ गया, जिससे सभी लोग डूबने लगे। जब ये लोग डूब रहे थे तो स्थानीय तैराकों ने रीटा को बचा लिया, लेकिन अन्य लोग पानी में डूब गए।

सुन लेते चेतावनी तो बच सकती थी जिंदगियां
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पानी के अंदर जाने पर इन सभी को चेतावनी भी दी थी, लेकिन वे नहीं माने और पानी के अंदर तक नहाने के लिए चले गए।

शव बरामद
सूचना पाकर मौके पर रत्नागिरी ग्रामीण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे का शिकार हुए लोगों को खोजने का काम शुरू किया और घंटे भर बाद ही पांच शव को खोज निकाला गया।