जज के फैसले में हुआ ऐसा खुलासा कि सन्‍न रह गया शख्‍स, अब बीवी पर करने जा रहा केस

नई दिल्‍ली : ब्रिटेन में दुबई के शासक शेख मुहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम की बीवी हया बिंत हुसैन के तलाक का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि भारतीय मूल के एक बड़े कारोबारी घराने के व्‍यक्ति का उसकी बीवी से अलग होने का एक नया मामला सामने आया है। यह मामला बिल्‍कुल अलग तरह का है। दरअसल, एक ब्रिटिश जज के फैसले के बाद जब खुलासा हुआ कि उक्‍त शख्‍स अपने आठ साल के बच्‍चे का पिता नहीं है तो वह सन्‍न रह गया। इसके बाद उसने अपनी पत्‍नी पर मुकदमा करने का निर्णय लिया।

बता दें कि शख्‍स के पिता को भारतीय मूल का हथियार डीलर माना जाता है। वह लंदन के संपन्न हिस्से में करोड़ों की आलीशान हवेली में रहता है। उक्‍त दंपति पहले से ही एक हाई-प्रोफाइल तलाक मामले में शामिल हैं। लंदन के डेली मेल की रिपोर्ट में कहा गया है कि न्‍यायाधीश जस्टिस जोनाथन कोहेन (Justice Jonathan Cohen) ने कहा कि उक्‍त शख्‍स को जब यह पता जला कि वह अपने बेटे का पिता नहीं है तो केस किया।

शख्‍स की मांग है कि इस खुलासे से उसे जो सदमा लगा है उसके लिए उसको मुआवजा दिया जाना चाहिए। जस्टिस कोहेन ने कहा कि महिला को भारी पश्‍चाताप है। हाल ही में लंदन स्थित उच्च न्यायालय (UK High Court) के पारिवारिक प्रभाग में इस पर सुनवाई हुई कि क्या महिला को लड़के के पिता के नाम का खुलासा करना चाहिए या नहीं। इस अलग तरह के मामले को लेकर लंदन में काफी चर्चाएं हैं।

उल्‍लेखनीय है कि दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम की पत्नी हया बिंत अल हुसैन 271 करोड़ रुपए लेकर पिछले हफ्ते दुबई से फरार हो गई थीं। उनके साथ उनकी बेटी शेखा अल जलिला और शेख जायद भी हैं। हया एक ब्रिटिश बॉडीगार्ड के साथ भागीं हैं। फि‍लहाल, वह इस समय लंदन में हैं और तलाक की अर्जी देने वाली हैं। पिछले महीने एक शाही कार्यक्रम में रानी की अनुपस्थिति के बाद उनके भागने की खबरें सामने आई थीं। रानी हया को शेख की छह पत्नियों में सबसे आकर्षक माना जाता है। वह जॉर्डन के पूर्व राजा हुसैन की बेटी हैं। इस मामले ने दुनिया भर में काफी सुर्खियां बटोरी थीं।