अनुष्का ने वरुण से पूछी पहेली, सही जवाब पर ईनाम में मिला ‘सुई धागा’
मुंबई। एक और ब्रैंड न्यू पेयरिंग बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है। वरुण धवन और अनुष्का शर्मा यशराज बैनर की फ़िल्म ‘सुई धागा- मेड इन इंडिया’ में साथ आ रहा हैं। इसका एलान 3 जुलाई की रात को वरुण और अनुष्का ने बड़े दिलचस्प अंदाज़ में सोशल मीडिया पर किया।
वरुण और अनुष्का ने फ़िल्म के एलान के लिए एक पहेली का सहारा लिया। अनुष्का ने वरुण से पूछा- ”आगे आगे मौजी भैया, पीछे पीछे पूँछ,बढ़ते जाएँ मौजी भैया, घटती जाए पूँछ। बोलो क्या?” इसके जवाब में वरुण ने लिखा- ”बहुत मुश्किल पहेली है – हेल्पलाइन लगेगी। आज रात 12 बजे बताता हूँ।” और वरुण ने जवाब भी दिया, लिखा-”सुई धागा।” इस सही जवाब पर वरुण को सौ में से सौ नंबर देते हुए अनुष्का ने साथ में पिक्चर बनाने की पेशकश कर दी। सुई धागा को शरत कटारिया डायरेक्ट कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: शाह रुख़ ने भीड़ में अनुष्का शर्मा को कुछ ऐसे संभाला, देखें तस्वीरें
बतौर डायरेक्टर शरत की ये तीसरी फ़िल्म है। इससे पहले यशराज बैनर के साथ वो दम लगाके हईशा बना चुके हैं, जो कमर्शियली और क्रिटिकली सक्सेसफुल फ़िल्म है। सुई धागा की शूटिंग अगले साल शुरू होगी। वरुण फ़िलहाल जुड़वा 2 की शूटिंग कर रहे हैं, वहीं अनुष्का, शाह रुख़ संग जब हैरी मेट सेजल के प्रमोशंस में बिज़ी हैं।