शेयर बाजार का नया रिकॉर्ड:सेंसेक्स ने 62,412 का ऑल टाइम हाई बनाया, निफ्टी 18,484 पर बंद हुआ; IT शेयर्स भागे

शेयर बाजार ने हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन, यानी गुरुवार (24 नवंबर) को एक नया रिकॉर्ड कायम किया। सेंसेक्स ने 62,412 का ऑल टाइम हाई बनाया है। ये 762 अंकों की बढ़त के साथ 62,272 के स्तर पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का ऑल टाइम क्लोजिंग हाई है। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं सिर्फ 2 शेयरों में गिरावट रही।

निफ्टी ने 52 हफ्तों का नया हाई बनाया
निफ्टी ने भी 52 हफ्तों का नया हाई और क्लोजिंग हाई बनाया है। निफ्टी 216 अंक बढ़कर 18,484 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान ये 18,529.70 के स्तर पर पहुंचा। इससे पहले निफ्टी का 52-वीक हाई 18,442.15 था, जो उसने 16 नवंबर 2022 को बनाया था।

इससे पहले निफ्टी का क्लोजिंग हाई 18477.05 था जो उसने 18/10/21 को बनाया था। निफ्टी ऑल टाइम हाई 18,604 है, जो उसने 19 अक्टूबर 2021 को बनाया था।

100 पॉइंट से शुरू हुआ था सेंसेक्स
1986 में जब सेंसेक्स की शुरुआत हुई तो इसका बेस ईयर 1978-79 को रखा गया और बेस 100 पॉइंट बनाया गया। जुलाई 1990 में ये आंकड़ा 1000 पॉइंट पर पहुंच गया। 1991 के आर्थिक उदारीकरण के बाद सरकार ने FDI के दरवाजे खोले और बिजनेस करने के कानून में बदलाव किया। इसने सेंसेक्स में गति बढ़ाई। आज ये 62,000 को पार कर गया है।

अपोलो हॉस्पिटल टॉप गेनर
अपोलो हॉस्पिटल, HDFC लाइफ, BPCL, इंफोसिस, टाटा कंज्यूमर, HCL टेक, पावर ग्रिड, विप्रो समेत 44 शेयर्स निफ्टी के गेनर रहे। सिप्ला, कोल इंडिया, बजाज फिनसर्व और टाटा मोटर्स समेत 5 शेयर्स निफ्टी के लूजर्स रहे। वहीं एक शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ।

3% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ कीस्टोन
कीस्टोन रियल्टर्स ने शेयर बाजार में एक फ्लैट नोट पर शुरुआत की थी। यह BSE पर 3% के प्रीमियम के साथ 555 रुपए पर लिस्ट हुआ। इसका इश्यू प्राइस 541 रुपए था। हालांकि, कीस्टोन का शेयर 15.85 रुपए यानी 2.93% की तेजी के साथ 556.85 रुपए पर बंद हुआ।

10% की तेजी के साथ बंद हुआ बीकाजी
बीकाजी फूड में लगातार दूसरे दिन अपर सर्किट लगा। आज यह स्टॉक 10% उछाल के साथ 379.20 रुपए पर पहुंचा। हालांकि, 10 बजे के करीब शेयर का सर्किट खुल गया था और ये 7% चढ़कर कारोबार कर रहा था। बाद में यह 379.20 रुपए के अपर सर्किट पर ही बंद हुआ।

IT सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.63% की तेजी रही
NSE के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी रही। IT सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.63% की तेजी रही। फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में 1.09% की बढ़त दिखाई दी। इनके अलावा ऑटो, बैंक, मेटल, फार्मा, प्राइवेट बैंक, FMCG, मीडिया, PSU बैंक और रियल्टी सेक्टर में भी तेजी रही।

सोने और चांदी में तेजी, रुपया मजबूत
वहीं सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी में तेजी देखने को मिली। 24 कैरेट सोना 52,713 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी की बात करें तो ये 62,266 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। आज रुपया डॉलर के मुकाबले 29 पैसे मजबूत हुआ।