नीरव, मेहुल समेत 31 आर्थिक अपराधी छोड़ चुके हैं देश

नई दिल्ली। एक तरफ सरकार विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे डिफॉल्टरों को भागने से रोकने के लिए उपाय करने में जुटी है, तो दूसरी तरफ पता चला है कि 31 आर्थिक अपराधी देश छोड़कर भाग चुके हैं। सरकार ने लोकसभा में यह जानकारी दी है।
सरकार से पूछा गया था कि घोटालों को अंजाम देकर कितने उद्योगपति विदेश भाग चुके हैं? विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर ने लिखित जवाब में 31 लोगों की सूची दी। इसमें देश के सबसे बड़े बैंकिंग घोटाले के आरोपी नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी का नाम भी शामिल है। सूची में नीरव की पत्नी अमी मोदी और बेटे नीशल मोदी के साथ विजय माल्या और हथियार डीलर संजय भंडारी का नाम भी शामिल है।
हालांकि, सरकार ने यह नहीं बताया है कि ये लोग कब से फरार हैं। अकबर ने कहा कि मंत्रालय को सीबीआइ से विजय माल्या, आशीष जोबनपुत्र, पुष्पेश कुमार बैद, संजय कालरा, वर्षा कालरा और आरती कालरा के प्रत्यर्पण अपील मिली है। इन अपीलों को संबंधित देशों को भेजा गया है। वित्त मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सरकार ने संसद में भगोड़ा आर्थिक अपराध बिल संसद में पेश करने का फैसला किया है।
सूची में ये लोग भी शामिल
सौमित जेना, विजय कुमार रेवाभाई पटेल, सुनील रमेश रूपाणी, सुरेंद्र सिंह, अंगद सिंह, हरसाहिब सिंह, हरलीन कौर, आशीष जोबनपुत्र, जतिन मेहता, चेतन जयंतीलाल संदेसारा, दीप्ति चेतन संदेसारा, नितिन जयंतीलाल संदेसारा, सभ्य सेठ, नीलेश पारेख, उमेश पारेख, सन्नी कालरा, आरती कालरा, संजय कालरा, वर्षा कालरा, हेमंत गांधी, ईश्वरभाई भट्ट, एमजी चंद्रशेखर, चेरिया वन्नाराक्कल सुदीर,नौशा कादीजाठ और चेरिया वेट्टील सदीक।