MP Election 2023: मध्यप्रदेश चुनाव तारीखों के एलान, सीएम शिवराज सहित 25 मंत्रियों को टिकट, तीन सिंधिया समर्थक मंत्रियों समेत 8 के नाम अटके

विधानसभा अध्यक्ष को भी टिकट
पार्टी ने देवतालाब से 70 वर्षीय गिरीश गौतम को टिकट दिया है। गौतम मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हैं। वहीं, विजयराघौगढ़ में चुनाव से पहले मतदान करा कर 51 प्रतिशत जनता का समर्थन पाने वाले संजय सत्येंद्र पाठक को भी पार्टी ने दोबारा मौका दिया है।

आमला से योगेश पंडाग्रे उम्मीदवार
भाजपा ने पिछले चुनाव में बैतूल में पांच से एक सीट आमला जीती थी। यहां से डॉ. योगेश पंडाग्रे जीते थे। इस सीट पर पार्टी ने उनको दोबारा टिकट दिया है। इसी सीट से डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हालांकि सरकार ने अभी तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया है।

सिरोंज से उमाकांत शर्मा
विदिशा की सिरोंज सीट से पार्टी ने वर्तमान विधायक उमाकांत शर्मा को ही प्रत्याशी बनाया है। उमाकांत शर्मा पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा के भाई हैं। शर्मा के कुछ विवाद में फंसने के कारण उनके टिकट कटने को लेकर अटकलें लग रही थीं। वहीं, जबलपुर छावनी से भी पार्टी ने वर्तमान विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी को मौका दिया है।

पाटन से अजय अजय विश्नोई को टिकट
सोहागपुर से भी विधायक विजयपाल सिंह, मुड़वारा से विधायक संदीप श्री प्रसाद जायसवाल, पाटन से पूर्व मंत्री और विधायक अजय विश्नोई, पनागर से विधायक सुशील कुमार तिवारी, सिवनी से विधायक दिनेश मुनमुन राय, नरयावली से विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया, सागर से विधायक शैलेंद्र जैन, रामपुर बघेलान से विधायक विक्रम सिंह, सरिमौर से विधायक दिव्यराज सिंह, मऊगंज से विधायक प्रदीप पटेल, चुरहट से विधायक शरदेन्दु तिवारी, जैतपुर से विधायक जयसिंह मरावी, जयसिंहनगर से विधायक मनीषा सिंह को टिकट दिया।

भोपाल हुजूर से रामेश्वर,गोविंदपुरा से गौर
भाजपा ने भोपाल की सात में चार और विधानसभा सीट पर नाम घोषित किए। इससे पहले उत्तर सीट पर आलोक शर्मा और मध्य पर ध्रुवनारायण सिंह को प्रत्याशी बनाया था। अब पार्टी ने गोविंदपुरा सीट पर विधायक कृष्णा गौर, हुजूर सीट पर रामेश्वर शर्मा, नरेला पर मंत्री विश्वास सारंग और बैरसिया सीट पर विष्णु खत्री को उम्मीदवार बनाया है। अब भोपाल की सिर्फ दक्षिण पश्चिम सीट पर उम्मीदवार का नाम की घोषणा बाकी है।

इछावर से विधायक करण सिंह वर्मा, सीहोर से विधायक सुदेश राय, देवास से विधायक गायत्री राजे, हाटपिपल्या से विधायक मनोज चौधरी, खातेगांव से विधायक आशीष गोविंद शर्मा, इंदौर-2 से विधायक रमेश मेंदौला, इंदौर-4 से विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, मंदसोर से विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, रतलाम शहर चेतन्य कुमार काश्यप को प्रत्याशी बनाया है।

मध्य प्रदेश का चुनावी कार्यक्रम
मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा।
मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।
चुनाव के लिए अधिसूचना 21 अक्तूबर को जारी होगी।
नामांकन की आखिरी तारीख 30 अक्तूबर होगी।
नामांकन पत्रों की जांच 31 अक्तूबर को की जाएगी।
नाम वापस लेने की अंतिम तारीख दो नवंबर होगी।
विधानसभा का कार्यकाल छह जनवरी को खत्म होगा।