दिग्विजय काल की खामियां गिनाने में जुटे भाजपाई दिग्गज, वित्त मंत्री भी बने इस रणनीति का हिस्सा

भोपाल। मध्यप्रदेश में हो रहे विकास का डंका जहां एमपी(भारत) से लेकर वॉशिंगटन तक बजा। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए दोनों ही पार्टियां अपने कार्यकाल की वाहवाही करने में लगी हैं। प्रदेश के नेताओं की इस होड़ में अब राष्ट्रीय नेता भी शामिल हो गए हैं।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सड़क के मुद्दे पर शिवराज सरकार की वाहवाही करते हुए दिग्विजय सिंह के तत्कालीन कांग्रेस शासन को आड़े हाथों लिया है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने तत्कालीन दिग्विजय शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि 2003 में मध्यप्रदेश की सड़कें देश में सबसे खराब थीं, जिसके चलते वोटर्स ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था।
ट्विटर के जरिये मध्यप्रदेश कांग्रेस पर बोले गए इस हमले में अरुण जेटली सीएम शिवराज के साथ ही पीएम मोदी की तारीफ करना भी नहीं भूले। अपने ट्वीट को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एमपी के मुख्यमंत्री सीएम शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ग्राम सड़क योजना के जरिये प्रदेश की सड़कों में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है।