जरा ‘गौर’ फरमाइये, पहले सिंधिया की अर्जुन से तुलना, अब कांग्रेसी को 10 जीत का आशीर्वाद

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर अपने बयानों और कारनामों के चलते अपनी सरकार के लिए परेशानी का सबब बनते रहे हैं। वहीं कई बार विधानसभा सत्र के दौरान उनका हास-परिहास सदन के तनावपूर्ण माहौल को हल्का करने में भी अहम भूमिका निभाता है। लेकिन, इस बार तो गौर कांग्रेस विधायक को दस बार जीतने का आशीर्वाद देते नज़र आ रहे हैं।
दरअसल गुरूवार को सदन में कोलारस और मुंगावली में हाल ही में निर्वाचित हुए कांग्रेस विधायकों ने शपथ ली। शपथ के बाद दोनों विधायक वरिष्ठ नेताओं से मेल-मिलाप कर रहे थे। इसी दौरान सदन की दीर्घा में जब बाबूलाल गौर मीडिया से बात कर रहे थे तो कोलारस विधायक महेन्द्र सिंह यादव बाबूलाल गौर से मिलने पहुंच गए।
कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक महेन्द्र सिंह यादव ने पैर छूकर बाबूलाल गौर से आशीर्वाद लिया। इस दौरान गौर ने महेन्द्र सिंह को बधाई देते हुए गले लगाया और दस बार चुनाव जीतने का आशीर्वाद दिया। बाबूलाल गौर ने यहां इस बात का जिक्र भी किया कि मुंगावली और कोलारस में दोनों यादव चुनाव जीत गए। वहीं कांग्रेस विधायक महेन्द्र सिंह यादव ने भी सम्मान जाहिर करते हुए कहा कि बाबूलाल गौर साहब हमारे समाज के महामहिम हैं और इनका आशीर्वाद सदा हमारे साथ रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले गौर उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद सिंधिया की तुलना चक्रव्यूह को बेदने की क्षमता रखने वाले अर्जुन से कर चुके हैं। जिसके बाद कांग्रेस ने सवाल उठाया था कि अगर सिंधिया, अर्जुन हैं तो कौरव कौन हैं। वहीं विपक्षी पार्टी के नेता को दस बार जीतने का आशीर्वाद देकर पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी को आंखें दिखा दी हैं।