नागपुर गये शिवराज, नंदकुमार पर गिर सकती है गाज, चर्चा में ये नाम

भोपाल। प्रदेश के सियासी गलियारों में बुधवार दिनभर मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष बदले जाने की अटकलों के बीच सीएम शिवराज सिंह का अचानक नागपुर पहुंचने से सुगबुगाहट तेज हो गई है। खबर है कि सीएम शिवराज ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के अलावा संघ पदाधिकारियों से लंबी बातचीत की है।
बताया जा रहा है कि, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के अलावा संघ पदाधिकारियों से लंबी बातचीत की है। इस बातचीत को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से संगठन की तैयारी और फेरबदल की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। सीएम की संघ नेताओं के साथ हुई इस मुलाकात को भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के चयन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक भाजपा संगठन की तरफ से कोई अधिकृत बयान नहीं आया है
प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव की चर्चा
इन सबके बीच नरोत्तम मिश्रा का नाम प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर तेजी से सामने आया है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के नाम भी चर्चा में है। ऐसा माना रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह अपने किसी करीबी को अध्यक्ष बनवाना चाहते हैं। वैसे तो प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव की चर्चा कई दिनों से सियासी हलकों में जोर पकड़े हुए है, लेकिन सोमवार को संघ और प्रदेश बीजेपी के नेताओं की मुलाकात से चर्चा को बल मिला है।
सीएम शिवराज सिंह नागपुर के लिये हुये रवाना
बुधवार दिन भर मध्यप्रदेश भाजपा की कमान नये नेता को सौंपे जाने की चर्चा चलती रही। चर्चा ये थी कि नये नाम का फैसला हो चुका है, सिर्फ संघ की सहमति के बाद हाइकमान औपचारिक घोषणा कर देगा। इसी बीच देर शाम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह अचानक नागपुर के लिए रवाना हुए तो कयासों को मजबूती मिली और नए प्रदेशाध्यक्ष के नामों पर चर्चा चलने लगी। सीएम शिवराज सिंह नसरूल्लागंज के दौरे के बाद शाम 5 बजे तक राजधानी भोपाल में थे।
भाजपा की कमान के लिये उभरे कई नाम
सीएम शिवराज सिंह चौहान के नागपुर दौरे के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर नरोत्तम मिश्रा का नाम तेजी से उभरा है। इसके अलावा गृहमंत्री और सीएम शिवराज सिंह के विश्वस्त भूपेंद्र सिंह का नाम चर्चा में है। एबीव्हीपी से भाजपा में आये वीडी शर्मा, जबलपुर राकेश सिंह का नाम भी चर्चा में है। लेकिन केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की सक्रियता और पिछले चुनाव के अनुभव के आधार पर पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
बैठक में चुनाव की तैयारियों को लेकर हुयी लंबी मंत्रणा
मुख्यमंत्री की पहली पसंद भी नरेन्द्र सिंह तोमर माने जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चा इसलिए भी जोरों पर है क्योंकि, सोमवार को राजधानी में कोरग्रुप की बैठक हुई थी। बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल के अलावा संघ के पदाधिकारियों के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की भी मुलाकात हुई थी। इस बैठक में चुनाव की तैयारियों को लेकर लंबी मंत्रणा हुई थी।