गुजरात CM की पत्नी ने राहुल गांधी के पुतले को पहनाई साड़ी

राजकोट। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी संघ में महिलाओं पर टिप्पणी कर विवादों में फंस गए हैं। उन्होंने मंगलवार को अपने विवादित बयान में कहा था कि क्या कभी आरएसएस शाखा में महिलाओं को शॉर्ट्स में देखा है? इस पर बुधवार को गुजरात के राजकोट में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के नेतृत्व में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके हाथों में राहुल गांधी का एक पुतला था, जिसको साड़ी पहनाया गया था।
राहुल गांधी मंगलवार को वड़ोदरा के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। एक छात्रा के सवाल पर उन्होंने वाराणसी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ और भाजपा की सोच ही ऐसी है कि महिला चुप रहे तब तक ठीक है। बोले तो चुप करा दो। वहीं इस दौरान ही राहुल गांधी ने पूछा, आपने कभी संघ की शाखा में महिलाओं को शॉर्ट्स में देखा है, मैंने तो नहीं देखा।
राहुल गांधी यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा, संघ की नजर में महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं है। संघ में एक भी महिला सदस्य नहीं हैं। इसी के साथ डभोई में आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए राहुल ने कहा, कांग्रेस शासित राज्य पंजाब व पुडुचेरी में आंगनवाड़ी में काम करने वाली महिलाओं को गुजरात से अधिक वेतन दिया जाता है।
आनंदीबेन ने संस्कारों पर उठाए सवाल –
संघ पर राहुल गांधी की टिप्पणी के जवाब में गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन ने कहा कि कांग्रेस का स्वभाव ही ऐसा है। राहुल महिलाओं के कपड़ों पर ही नजर रखते हैं। आनंदीबेन ने राहुल से अपने शब्द वापस लेकर गुजरात की महिलाओं से माफी मांगने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि गुजरात कि महिलाएं संस्कारी व लघु उद्यम करने वाली हैं, स्वाभिमान से जीती हैं। राहुल ने ऐसी टिप्पणी कर उनका अपमान किया है। राहुल माफी नहीं मांगेंगे तो महिलाएं एकजुट होंगी और कांग्रेस बची-खुची सीटें भी खो देगी।