Happy Birthday Monalisa: होटल में नौकरी से भोजपुरी स्टार बनने तक…ऐसा रहा मोनालिसा का सफर

नई दिल्ली : भोजपुरी सिनेमा की बड़ी एक्ट्रेस मोनालिसा आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। मोनालिसा ने भोजपुरी के अलावा हिंदी, बंगाली, उड़िया, तमिल, कन्नड़ और तेलुगू सिनेमा में भी काम किया है। अपनी एक्टिंग के दम पर मोना आज उस मुकाम पर खड़ी हैं जहां उन्हें किसी इंट्रोडक्शन की जरूरत नहीं है। मोना ने फिल्मों से लेकर टीवी सीरियल तक में ऐसा काम किया है आज वो देश की चर्चित सेलेब्रिटी में से एक बन गई हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको बताते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ ऐसी बातें जो आप नहीं जानते होंगे।

कैसे शुरू किया करियर

बंगाली परिवार में जन्मीं मोनालिसा ने कलकत्ता से ही अपनी स्कूली और कॉलेज की पढ़ाई पूरी की। 16 साल उम्र से उन्होंने काम करना शुरू कर दिया। जब वो 16 साल की थीं तब वो एक रेस्टोरेंट में काम करती थीं। इसके अलावा कोलकाता के कुछ होटलों में भी उन्होंने ‘गेस्ट रिलेशन एग्जीक्यूटिव’ का काम किया। उसके बाद वो उडिया वीडियो में दिखाई देने लगीं और कई बी ग्रेड फिल्मों में काम किया।

लो बजट फिल्मों से भोजपुरी सिनेमा की सुपस्टार बनने तक का सफर

मोनालिसा ने करियर की शुरुआत में लो बजट फिल्मों में काम किया, लेकिन धीरे-धीरे अपने काम के दम पर उन्होंने अपनी पहचान बनाई। भोजपुरी फिल्मों में मोनालिसा ने जो काम किया उसे भोजपुरी सिनेमा में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने 125 से ज्यादा भोजपुरी फिल्मों में काम किया और भोजपुरी सिनेमा की सबसे ज्यादा डिमांड वाली हीरोइनों में से एक बनीं। फिल्मों के अलावा मोनालिसा टीवी रिएलिटी शो ‘बिग बॉस’ सीजन 10 में भी नजर आ चुकी हैं। इसी शो में उनकी शादी उनके ब्वॉयफ्रैंड विक्रांत सिंह राजपूत से करवाई गई थी। विक्रांत भी एक भोजपुरी स्टार हैं।

‘नज़र’ से जीत रहीं सबका दिल

फिलहाल मोनलिसा स्टार प्लस के सीरियल ‘नज़र’ में नजर आ रही हैं। इस शो में मोनालिसा एक डायन की भूमिका में हैं जिसका नाम मोहना है। इस सीरियल में उनके किरदार को काफी पसंद किया जा रहा है।