राज्य में प्रवासी मजदूरों के आने का सिलसिला जारी, कई दूसरे राज्य जाने के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों से भी गुजरे

लॉकडाउन के दौरान महाराष्ट्र के सोलापुर में झारखंड के प्रवासी मजदूरों से भरी बस मंगलवार को यवतमाल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। बस को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, 15 लोग जख्मी हैं। हादसे में घायल और मृतक झारखंड में कहां के रहने वाले हैं। उधर, लॉकडाउन फेज-4 के दूसरे दिन मंगलवार को झारखंड सरकार की ओर से दी गई छूट के बाद हार्डवेयर और स्टेशरी की दुकानें खुली। मोबाइल, टीवी आदि के सर्विस सेंटर (निगम सीमा के बाहर) खोलने की अनुमति है। कपड़े, चप्पल की दुकानें फिलहाल नहीं खोली गई है।

प्रवासियों का झारखंड पहुंचना जारी

राज्य में मंगलवार को भी प्रवासी मजदूरों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। गुमला शहर के मुख्य बाजार से गुजरने वाली छत्तीसगढ़-गुमला-रांची रोड पर कई ट्रक-जीप दिखी जिनमें प्रवासी मजदूर सवार थे। सभी राज्य के कोडरमा, दुमका, पाकुड़ सहित अन्य जिलों के निवासी थे। ट्रक व जीप में 40-50 लोग लदे थे। उन्होंने कहा कि वे अब कभी घर छोड़कर दूसरे राज्य में नहीं जाएंगे। कुछ भी होगा घर पर ही रहेंगे। यहां अपने और बच्चों के भविष्य के लिए कुछ अच्छा करेंगे। मुख्य बाजार में स्थानीय लोगों द्वारा राहत शिविर लगाया गया है जिसमें हर प्रवासी गाड़ी को रोककर उन्हें सूखा खाना (चूड़ा-गुड़) और पानी दिया जा रहा है। पानी के लिए रोके गए ट्रक में बैठे मजदूरों से बात की गई तो अधिकतर ने महाराष्ट्र से आने की बात कही।

शराब दुकानें कब से कब तक खुलेंगी इस पर फैसला आज
राज्य में शराब की दुकानें कब से कब तक खुलेंगी, इस पर उत्पाद विभाग मंगलवार को फैसला लेगा। शराब व्यवसायियों से बातचीत के बाद विभाग ने शराब बिक्री का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। मगंलवार की बैठक के बाद विभाग विस्तृत आदेश जारी करेगा। साथ ही शराब की ऑनलाइन बिक्री और इसके तरीके पर भी फैसला लेगा। राज्य सरकार की ओर से सोमवार को जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि खुदरा शराब दुकानें खुलेंगी।

राज्य में सीमित छूट देने का फैसला

झारखंड सरकार ने केंद्र की गाइडलाइन की समीक्षा के बाद राज्य में सीमित छूट देने की घोषणा की। केंद्र की गाइडलाइन में शहरी क्षेत्र में सैलून, स्पा, गारमेंट्स समेत सभी तरह की दुकानें खोलने की छूट दी गई थी, मगर राज्य सरकार ने इस तरह की दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी है। शहरी क्षेत्र में किराए पर टैक्सी चलाने की अनुमति दी गई है। एक शहर से दूसरे शहर के लिए भी टैक्सी किराए पर ली जा सकती है। साथ ही शहरी सीमा के औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों के संचालन व कंस्ट्रक्शन की भी अनुमति दी गई। हालांकि उद्योगों व कंस्ट्रक्शन में मैनपावर के इस्तेमाल में केंद्र की नियमावली का पालन करना जरूरी होगा।

राज्य में आठ नए मजदूर मिले

सोमवार को राज्य में आठ और कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। धनबाद, गढ़वा, जमशेदपुर, चाईबासा, गुमला और हजारीबाग के एक-एक व लातेहार में दो संदिग्ध की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। आठ नए मरीज मिलने के बाद राज्य में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 232 हो गई है। कोरोना संक्रमित जिलों में पश्चिमी सिंहभूम और गुमला की भी एंट्री हो गई है। राज्य के अब 19 जिले कोरोना संक्रमित हो गए हैं।

कोरोना अपडेट्स

रांची: राजधानी रांची से कोई भी संक्रमित सोमवार को नहीं मिला। जिले में अब तक 105 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, इनमें से 90 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इनमें से कई लोगों ने 14 दिन का क्वारैंटाइन पीरियड भी पूरा कर लिया है। राज्य का सबसे बड़ा कोरोना हॉटस्पॉट बन चुके हिंदपीढ़ी में अब तक 94.20 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं। 5.80 प्रतिशत मरीज के ठीक होते ही इस इलाके में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस खत्म हो जाएंगे। हिंदपीढ़ी में कुल 69 पॉजिटिव केस सामने आए थे। इनमें से 65 लाेग ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। अब 4 एक्टिव केस ही बचे हुए हैं।

बोकारो: बोकारो में कोरोना संक्रमण के अब तक कुल 10 मामले सामने आए हैं। इसमें 9 का इलाज बीजीएच के आइसोलेशन वार्ड में हुआ था। जिले में अन्य राज्यों से आए हुए 83 कोरोना संदिग्धों के सैंपल सोमवार को जांच के लिये भेजे गए। जबकि पहले से भेजे गए 68 सैंपल की रिपोर्ट सोमवार को निगेटिव आई। अभी तक जिले से कुल 1298 लोगों के सैंपल लिए गए और 923 की रिपोर्ट आ चुकी है।

धनबाद: कोरोना मरीजों की संख्या धनबाद जिला में बढ़ती जा रही है। धनबाद में सोमवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला। नया मरीज मिलने के बाद धनबाद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या छह हो गई है। इनमें दो मरीज पहले ही स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं। जबकि तीन मरीज कोविड-19 हॉस्पिटल में इलाजरत है। .

हजारीबाग:

हजारीबाग में सोमवार को एक और कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया। इस रिपोर्ट के बाद जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 26 हो गई है। इनमें 3 स्वस्थ होकर पूर्व में घर वापस लौट चुके हैं। जबकि 23 मामले एक्टिव हैं। सभी का इलाज एचएमसीएच अस्पताल हजारीबाग के कोविड-19 वार्ड में किया जा रहा है। जिले में अब तक 39,072 प्रवासियों की स्क्रीनिंग की गई है।

पूर्वी सिंहभूम: शहर में सोमवार को मिला कोरोना मरीज सिदगोड़ा के बागुनहातु का रहनेवाला है। वह मुंबई से ट्रक से पहले रांची और वहां से 15 मई की सुबह ट्रक से ही जमशेदपुर आया था। उसे टीएमएच टीएमएच के कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। हालांकि, टीएमएच के आइसोलेशन वार्ड में पहले से इलाजरत चाकुलिया की महिला पॉजिटिव मरीज ठीक हो गई है। 14 दिन का पीरियड पूरा होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। जिले के सभी कोरोना पॉजिटिव मरीज प्रवासी हैं।

चाईबासा: चाईबासा में क्वारैंटाइन सेंटर (डिविजनल ट्रेनिंग) से पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। युवक जिले के सारंडा इलाके के गुआ के एक गांव का है जो चेन्नई में एक कंपनी में काम करता था। युवक में कोरोना के कोई लक्षण नहीं है, बावजूद वह कोरोना संक्रमित है। युवक 14 मई को तामिलनाडु के चेन्नई से अपने 76 साथियों के साथ राज्य के बड़काखाना रेलवे स्टेशन पहुंचा था। कोरोना की पुष्टि होने पर मरीज को चाईबासा के डिविजनल ट्रेनिंग सेंटर स्थित क्वारैंटाइन सेंटर से चक्रधरपुर में बनाये गये कोविड 19 अस्पताल ले जाया गया है।

कोडरमा: जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या पांच है। नोडल पदाधिकारी डा. अभय भूषण ने बताया कि अब तक कुल एक हजार लोगों के सैंपल कलेक्शन किए गए हैं। इनमें 593 लोगों के रिपोर्ट निगेटिव व 6 लोगों के रिपोर्ट पॉजिटिव आए हैं। पॉजिटिव पाए गए एक मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट गया है। जबकि 401 लोगों के सैंपल रिपोर्ट पेडिंग है।

गढ़वा: जिले में कोरोना के 29 मरीज हैं। इसमें तीन मरीजों का जांच रिपोर्ट पूरी तरह से निगेटिव आने के बाद उन्हें वापस घर भेज दिया गया है। जबकि, 26 मरीज अभी भी कोविड सेंटर में इलाज करा रहे हैं। सोमवार शाम को गढ़वा के एक संदिग्ध की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। नया मरीज भी महाराष्ट्र के ठाणे से चार दिन पहले आया था। वहां से लौटने के बाद इसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

सिमडेगा: जिले में पिछले 23 दिनों में कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला है। यहां के दोनों कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। अब जिले के ऑरेंज जोन से बाहर निकल ग्रीन जोन में बदलने की उम्मीद बढ़ गई है। जिले में अब तक 1180 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है, इसमें से 628 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। होम क्वारैंटाइन में लोगों की संख्या 1924 है। सरकारी क्वारैंटाइन में भी 591 लोग रखे गए हैं। कुल 540 लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट आनी बाकी है।

गुमला: जिले में कोरोना संक्रमण की इंट्री हो गई है। बाहर से आया प्रवासी मजदूर संक्रमित पाया गया। डीसी शशि रंजन ने इसकी पुष्टि की है। संक्रमित मजदूर कुछ दिन पहले ही गुमला लौटा था। उसे कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है।

पलामू: पलामू जिले में कोरोना के अब तक 15 केस मिले हैं। इनमें से आठ ठीक हो चुके हैं। एक्टिव 07 कोरोना संक्रमितों का इलाज कोविड-19 सेंटर में चल रहा है। इनका दूसरा सैंपल जल्द ही जांच के लिए रिम्स भेजा जाएगा। उम्मीद है कि उनका दूसरा और फिर तीसरे सैंपल की भी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आएगी। उसके बाद जिला ग्रीन जोन में शामिल हो जाएगा।

गिरिडीह: अब तक जिले में 11 कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें दो मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अब तक जिले में जितने भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सभी मुंबई या सूरत से आए थे। जिले में अब तक 975 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, इनमें 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, 594 रिपोर्ट निगेटिव आई है, अन्य रिपोर्ट का इंतजार है। कुल 96 लोगों को क्वारैंटाइन सेंटर जबकि 16368 लोगों को होम क्वारैंटाइन किया गया है।

देवघर: जिले के मोहनपुर प्रखंड में एक कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। कोरोना संक्रमित मरीज बीते 4 मई को सूरत से बोलेरो से 7 लोगों के साथ घर पहुंचा था। शुरुआत में गांव के ही स्कूल में उसे क्वारैंटाइन में रखा गया था। बाद में मोहनपुर प्रखंड में क्वारैंटाइन सेंटर में उसे रखा गया था। यहीं से उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद रविवार को संक्रमित मरीज को मां ललिता कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है। नया मरीज के मिलने के बाद जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के पांच मामले आ चुके हैं। इससे पूर्व जिले के चार संक्रमित ठीक होने के बाद घर लौट चुके हैं।

दुमका: दुमका भी कोरोना मुक्त हो गया है। जिले में 5 मई को दो मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोनों सरैयाहाट के रहने वाले थे। ये एक मई को गुड़गांव से लौटे थे। दोनों को जल्द हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी जाएगी।

लोहरदगा: जिले में कोलकाता से लौटा 18 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। जानकारी के अनुसार वह 12 मई को लौटा था। इसे सिस्टम क्वारैंटाइन में रखते हुए ब्लड सैंपल भेजी गई थी। इस दौरान वह अपने गांव नहीं गया था। जो सबसे बड़ी राहत की बात है। स्क्रीनिंग के बाद से ही क्वारैंटाइन सेंटर में रह रहा था। वह पिछले कई वर्षों से कोलकाता में रह रहा था। अभी लॉकडाउन के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों के साथ लौटा था।

रामगढ़: जिले में भी कोरोना की इंट्री हो गई। मांडू और पतरातू के दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। मांडू निवासी 42 साल के व्यक्ति 13 मई को ठाणे से और पतरातू के चैनगड्‌डा में रहनेवाला 22 साल का युवक मुंबई से 14 मई को रामगढ़ लौटा था। दोनों को क्वारैंटाइन कर सैंपल जांच के लिए रांची भेजा गया था। रविवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दोनों संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
जामताड़ा: जिले के दोनों कोरोना संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद दोनों को सोमवार को उदलबनी स्थित कोविड-19 अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अभी तक कुल 604 संदिग्ध मरीजों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। वहीं 437 संदिग्धों का सैंपल जांच रिपोर्ट आया है। जबकि 167 संदिग्ध मरीजों का सैंपल जांच अभी नहीं आया है।

राज्य में कुल 232 संक्रमित: रांची के 105, गढ़वा के 29, बोकारो के 10, पलामू के 15, हजारीबाग के 26, धनबाद के 6, गिरिडीह के 11, सिमडेगा के 02, देवघर के 05, जामताड़ा के 02, दुमका के 02, कोडरमा के 05, गोड्डा के एक, पूर्वी सिंहभूम के 05, पश्चिमी सिंहभूम के 01, लातेहार के 03, रामगढ़ के 02, गुमला और लोहरदगा के 1-1 मरीज में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।