कांग्रेस मुक्त भारत के बाद अब बीजेपी ने दिया कांग्रेस मुक्त बूथ का नारा

भोपाल। विधायक दल की बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने संबोधित करते हुए कहा कि आप सिर्फ योजनाएं याद रखिए। उनके क्रियान्वयन की चिंता करिए और जनता में चर्चा करिए कार्यकर्ताओं को भी योजनाओं के प्रति प्रोत्साहित करिए। फिर दुनिया की कोई ताकत हमें चौथी बार मप्र में सरकार बनाने से नहीं रोक सकती।
उन्होंने कहा कि मप्र को ऐसे मुख्यमंत्री मिले हैं, जिनकी संवेदनशीलता के कारण समाज में भाजपा के प्रति जबरदस्त सहानुभूति है। जहां तक कांग्रेस की बात है तो कांग्रेस का जमीन पर कुछ नहीं बचा है। हमें विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त बूथ की कल्पना के साथ उतरना है। सिर ऊंचा कर हिम्मत से चुनाव मैदान में जाइए।
माइक्रो मैनेजमेंट पर ध्यान देना होगा
रामलाल ने बीजेपी विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जिलों में मेरा प्रवास हो रहा है और वहां की टोली से चर्चा हो रही है। भाजपा में कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है, उसका महत्व होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास हुआ है, जनता हमारे साथ है। हमें अपने माइक्रो मैनेजमेंट पर भी ध्यान देना पड़ेगा। जनआशीर्वाद यात्रा में हर स्थान से सैकड़ों लोग मुख्यमंत्री के सामने भाजपा में शामिल होंगे ऐसी सूचनाएं आ रही हैं यह हमारे लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर भी सक्रिय होने की बता कही।
हर बूथ पर होंगे 5 कार्यकर्ता
रामलाल ने कहा कि 25 सितंबर को कार्यकर्ताओं का महाकुंभ आयोजित होगा। हर बूथ पर 5 मोटरसाइकिल वाले कार्यकर्ता तैयार किए गए हैं, जो विधानसभाओं में यात्राएं करेंगे। रामलाल ने प्रभारी मंत्रियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने-अपने प्रभार के जिलों में 2 से 3 दिन का प्रवास करके समस्याओं को निपटाए। सभी विधायक अपने जिले की सभी सीटें जीतने की योजनाएं बनाए। शिवराज सिंह चौहान ने समाज कल्याण की हजारों करोड़ की जो योजनाएं चला रखी हैं। यह प्रशंसनीय तो है ही, आश्चर्यजनक भी है क्योंकि इतनी सारी योजनाओं के लिए धनराशि जुटाना भी एक चुनौती भरा काम होता है।