संघ प्रमुख मोहन भागवत बोले- RSS का विस्तार ही पहली प्राथमिकता हो

भोपाल. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने देशभर से आए ग्यारह क्षेत्र प्रचारकों के साथ मंगलवार को बैठक की। यहां प्रचारकों ने बीते छह महीने के कामकाज का हिसाब रखा तो भागवत ने कहा कि बताओ कितनी शाखाएं लगती हैं। इस पर प्रचारकों ने शाखाओं व अन्य कामों की जानकारी दी, तो भागवत बोले- कई जगह अच्छा काम हो रहा है, लेकिन अभी बहुत काम बाकी है।
उन्होंने संघ विस्तार को पहली प्राथमिकता रखने के लिए कहा। भागवत ने कहा कि देश को बचाना है तो हर व्यक्ति में राष्ट्रवाद जगाना जरूरी है। केरल का जिक्र आया तो भागवत ने राष्ट्रवाद जगाने को ही हल बताया।
मंगलवार को संघ प्रमुख भागवत ने क्षेत्र प्रचारकों की बैठक ली। इसमें संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र प्रचारकों ने बीते छह महीने में संगठन विस्तार के कामों व गतिविधियों का ब्यौरा पेश किया।
बैठक में १२ अक्टूबर से होने वाली बैठक के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। भागवत ने प्रचारकों को उनकी भूमिका को मजबूत व सक्रिय करने के लिए कहा। शिक्षा में मातृभाषा को प्रमुखता, हिन्दुत्व व संस्कृति के संरक्षण, आदिवासी समाज का संरक्षण, धर्मांतरण, जैविक खेती, युवाओं को रोजगार व स्व-रोजगार, प्रचार कैम्पेन सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
केरल पर फोकस
भैयाजी जोशी ने बैठक का एजेंडा पेश किया। इसमें संघ के कार्यक्रमों के अलावा केरल में संघ कार्यकर्ताओं के काम और उन पर हमले का जिक्र है। इस पर संघ को केरल में संगठन मजबूत करने की कार्ययोजना का प्रस्ताव भी शामिल है। गौरतलब है केरल में बीते सालों में संघ-भाजपा के 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्याओं के विरोध में भाजपा की जनरक्षा यात्रा चल रही है।
मुख्य बैठक 12 से
केरवा डैम स्थित शारदा विहार शैक्षणिक संस्थान में आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की मुख्य बैठक 12 से 14 अक्टूबर तक होनी है। बैठक के एजेंडे पर चर्चा करने संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार सुबह नौ बजे हुई।
मिशन-२०१९ की चुनौती
संघ के लिए मिशन-२०१९ भी बड़ी चुनौती है। देश में भाजपा व संघ के प्रभाव को बढ़ाने के लिए भागवत ने मंथन किया। इसमें लोकसभा चुनावों के साथ राज्यों की चुनौती पर भी बात हुई। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रचारकों ने अपने स्थानीय मामलों को भी रखा।
रामलाल भोपाल पहुंचे, भागवत को दिया फीडबैक
मुख्य बैठक में शिरकत करने भाजपा संगठन महामंत्री रामलाल मंगलवार सुबह भोपाल आए। एयरपोर्ट से रामलाल सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और संगठन महामंत्री सुहास भगत से चर्चा की। मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी सबुह रामलाल से मिले। बाद में संघ के अन्य नेताओं के अलावा भागवत से भी उनकी मुलाकात हुई। सूत्रों के मुताबिक नंदकुमार व सुहास से चर्चा में प्रदेश भाजपा के अब तक के कामकाज व संगठन विस्तार का फीडबैक लिया। बाद में भागवत को पार्टी के कामों का पूरा फीडबैक दिया। इसमें केरल, चीन, कश्मीर पर नीति से लेकर संगठन के अभियान तक शामिल हैं।
रामलाल ने देखा सत्ता-संगठन का विजन डॉक्यूमेंट
भागवत की बैठक के लिए भाजपा व सरकार ने संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट भी तैयारी किया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान इस पर पार्टी नेताओं से चर्चा कर चुके हैं। रामलाल ने मंगलवार को इस विजन डॉक्यूमेंट के बिंदुओं को देखा। इसमें अब तक के काम व आगे का विजन है।