पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की नर्मदा पदयात्रा आज होगी शुरू

नरसिंहपुर। पूर्व सीएम और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ कुछ ही देर में बरमान तट से नर्मदा पदयात्रा शुरू करेंगे। इसके पहले उन्होंने सपत्नीक गोटेगांव में त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजन किया। यात्रा में उनके साथ बेटे जयवर्धन सिंह, बहू और भाई लक्ष्मण सिंह भी साथ रहेंगे। पहले दिन वे तीन किमी का सफर कर बरमान खुर्द से बरियाघाट पहुंचेंगे। यहां वे पूर्व सरपंच लाल साहब मिश्र के घर रात्रि विश्राम करेंगे।
रविवार सुबह अंडिया घाट पहुंचेंगे
रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे अंडिया घाट पहुंचेंगे। इसके बाद 11 बजे लिंगा घाट और फिर शाम 4 बजे कोठिया घाट पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन 2 अक्टूबर को उनकी यात्रा जिले के ही बिछुआ गांव से शुरू होगी। दोपहर विश्राम के बाद 5 बजे वह भटेरा और खेड़ा खकरिया के बाद होशंगाबाद जिले में प्रवेश करेंगे।