ईंट से ईंट बजा देंगे, अगर देश में कहीं भी नया कत्लखाना खोला गया

भोपाल। आदमपुर छावनी में खुलने वाले नए स्लाॅटर हाउस पर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल की नजर टेढ़ी हो गई है। विहिप के अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री सुरेंद्र जैन ने कहा है कि भारत के अंदर कोई नया कत्लखाना नहीं खुलने देंगे। वह चाहे वैध हो या अवैध। उन्होंने मीडिया से चर्चा में यह बात कही। जैन शुक्रवार से शुरू हो रहे विहिप व बजरंग दल के तीन दिवसीय अधिवेशन में शामिल होने भोपाल आए हैं।

– अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री जैन ने कहा कि आदमपुर छावनी में भी स्लॉटर हाउस नहीं खुलने दिया जाएगा। विहिप ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, आदमपुर छावनी भले वैध हो या अवैध। किसी भी तरह का कत्लखाना नहीं खुलने दिया जाएगा। भले ही इसके लिए बजरंग दल को ईंट से ईंट क्यों ना बजानी पड़े।

– उन्होंने कहा कि जिस जगह पर कत्लखाने बनाए जाते हैं, वहां पर टीवी, जेवरों की चोरी नहीं होती, बल्कि मवेशियों की चोरी होती है। जिन्हें चोरी कर कत्लखानों में अवैध रूप से काटा जाता है। उन्होंने कहा कि वो सरकार से अपील करेंगे कि जितने में भी यांत्रिक कत्लखाने हैं उन्हें बंद किया जाए। इससे कई समस्याएं खत्म हो जाएंगी।