सुभाष चंद्र गर्ग ने मांगी जल्द रिटायरमेंट, सरकार ने किया था ट्रांसफर

नई दिल्ली, एएनआइ। मोदी सरकार में वित्त सचिव सुभाष गर्ग ने जल्दी रिटायरमेंट( Voluntary Retirement) के लिए आवेदन किया है। इसे सुभाष गर्ग की नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, मोदी सरकार ने नौकरशाही में बड़े बदलाव करते हुए सुभाष गर्ग का तबादला ऊर्जा मंत्रालय में सचिव के पद पर किया गया। इसे सुभाष गर्ग के डिमोशन के तौर पर देखा जा रहा है। नियमों के अनुसार, उन्हें 3 महीने तक या जब तक स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए उसका आवेदन स्वीकार नहीं किया जाता है, तब तक उन्हें नोटिस अवधि की सेवा देनी होगी।

सुभाष चंद्र गर्ग को पिछले ऊर्जा सचिव अजय कुमार भल्ला की जगह ऊर्जा मंत्रालय का कार्यभार दिया गया। आईएएस अधिकारी सुभाष चंद्र गर्ग आर्थिक मामलों का विभाग भी संभालते थे। उनकी जगह इस पद पर अब अतानु चक्रवर्ती आर्थिक मामलों के नए सचिव होंगे।