मंदसौर गोलीकांड में निलंबित कलेक्टर, एसपी और एएसपी की बहाली, कमलनाथ ने उठाए सवाल

भोपाल। मंदसौर गोलीकांड के बाद निलंबित हुए मंदसौर कलेक्टर, एसपी और एएसपी की बहाली के आदेश राज्य सरकार ने जारी कर दिए हैं। इन तीनों अफसरों की बहाली के बाद सियासत तेज हो गयी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अफसरों की बहाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जांच आयोग की रिपोर्ट बिना सदन के पटल पर रखे बहाली में तत्परता दिखायी गयी है।

साथ ही कहा कि, ऐसी तत्परता शिवराज सरकार किसानों की हत्या के दोषियों को सजा दिलवाने में दिखाते तो आज भी पीड़ित परिवार न्याय के लिए आंसू नहीं बहा रहे होते। दरअसल 6 जून 2017 को मंदसौर के पिपल्या मंडी में पुलिस की गोलीचालन में 6 किसानों की मौत हो गयी थी। गोलीकांड के बाद मंदसौर कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह, एसपी ओपी त्रिपाठी और एएसपी साई कृष्ण थोटा को निलंबित कर दिया था।

लंबे समय तक निलंबन के बाद शुक्रवार को इन अफसरों की बहाली के आदेश जारी कर दिए गए। तत्कालीन मंदसौर कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह को मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है। तो एस पी ओ पी त्रिपाठी और एएसपी साई कृष्ण थोटा को पुलिस मुख्यालय पदस्थ किया गया है। इन अफसरों की बहाली पर कांग्रेस ने सवाल उठाएं हैं।

जिसके बाद कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, जितनी तत्परता शिवराज सरकार ने मंदसौर किसान गोलीकांड में निलंबित अफसरो को जांच आयोग की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखे बग़ैर,बहाल करने में दिखायी , उतनी तत्परता किसानो की हत्या के दोषियों को सज़ा दिलवाने में दिखायी होती तो पीड़ित परिवार आज तक न्याय के लिये आंसू नहीं बहा रहा होता।