बिग बॉस 11: अर्शी खान के मां-बाप की ऐसे बढ़ी परेशानी

अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। बिग बॉस का ये सीजन विवादों से भरा हुआ है। घर के अंदर कंटेस्टेंट के बीच प्यार, मोहब्बत के अलावा जमकर तकरार भी हो रही है। इसमें अर्शी खान का नाम सबसे पहले आता है।

अर्शी शो में अच्छा खेल रही हैं। उनके ड्रामे और नाज-नखरे जनता को भा रहे हैं। मगर अब एक झूठ से उनपर उंगलियां उठ रही हैं। खासतौर पर भोपाल में उनके माता-पिता इस झूठ से परेशान हो रहे हैं। इससे अर्शी की परेशानी भी शो में बढ़ सकती है।

अर्शी ने शो में खुद को अफगानिस्तान का बताया था-

अर्शी खान के माता-पिता भोपाल के जहांगीराबाद की तंग गलियों में रहते हैं। अर्शी ने बिग बॉस में अपने घर के बारे में यह जानकारी दी थी कि वह अफगानिस्तान से है। साथ ही अर्शी ने भोपाल के ही एक नर्सिंग होम में काम किया था। मॉडल बनने की चाह में वह वर्ष 2014 में मुंबई चली गयी थीं। अब ऐसे में अर्शी खान की उम्र को लेकर विवाद हो रहा है।

अर्शी के मां-बाप भोपाल में रहते हैं-

अर्शी की मां नादरा ने कहा है कि उसकी उम्र 26 साल है। अर्शी ने अपने दादा के बारे में बिग बॉस में कह दिया था कि वह शहर के सबसे चरित्रहीन व्यक्ति थे। उन्होंने 18 शादियां की थीं। 12 बच्चे पैदा किये थे। जबकि अर्शी के पिता मोहम्मद अरमान का कहना है कि जब वह चार साल के थे, तभी वालिद मोहम्मद सुलेमान खान का इंतकाल हो गया था। उस वक्त देश आजाद भी नहीं हुआ था। उन्हें खुद अपने वालिद का चेहरा याद नहीं है। वह खुद अपने पिता के बारे में कुछ नहीं जानते थे।

अर्शी का पूरा परिवार इस बात से खफा है कि अर्शी क्यों इस तरह की बातें कर रही हैं। उनकी बयानबाजी का नतीजा है कि उनके माता-पिता को लगातार आस-पड़ोस के लोगों को सफाई देनी पड़ रही है।

पिछले दिनों जब शाहिद अफरीदी के बारे में अर्शी ने बयान दिया था। तब भी उनके परिवार वालों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा था।