पारा फिर 35 डिग्री पार, दो दिन के बाद रात का तापमान गिरने के आसार

भोपाल.रविवार को शहर में मौसम के तेवर गर्म बने रहे। दिन का तापमान फिर 35 डिग्री पार पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दो दिन बाद रात का तापमान गिरने के आसार हैं।
रविवार को दिन का तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। सुबह से ही पारे की चाल तेज थी। बादल छाने से दोपहर 12 बजे तक तो धूप ज्यादा नहीं चटकी। एक बजे के बाद धूप तीखी होने लगी थी।
– दोपहर 3.30 बजे तक पारा 35 डिग्री पार पहुंच गया। रात का तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें करीब 2 डिग्री की गिरावट हुई। इसके बावजूद यह अभी भी सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। एक दिन पहले रात में पारा 24 डिग्री तक पहुंच गया था।
इस वजह से बदल सकता है मौसम
– मौसम विशेषज्ञ डीपी दुबे ने बताया कि हवा का रुख अभी पूर्वी एवं उत्तरी पूर्वी है। मंगलवार शाम से यह बदलकर उत्तरी हो सकता है। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। हवा का रुख उत्तरी होने के बावजूद एक हफ्ते तक ठंड के आसार कम ही हैं।
अभी कुछ दिन तक दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा ही बना रह सकता है। रात का तापमान भी अभी 1- 2 डिग्री ही कम होने का अनुमान है। ऐसा हुआ भी तो यह सामान्य से ज्यादा ही रहेगा। हालांकि पांच दिन पहले रात का तापमान 17 डिग्री तक पहुंच गया था। शुक्रवार की रात तो यह सामान्य से 6 डिग्री अधिक हो गया था।