समुद्र जैसा माहौल तैयार कर डिजिटल पार्क में स्थापित होगी विवेकानंद की प्रतिमा

भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन स्थित नर्मदा पार्क के पास जल्द ही एक और डिजिटल थीम पार्क बनाया जाएगा। पार्क में करीब डेढ़ करोड़ की लागत से स्वामी विवेकानंद की 15 फीट की प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके माध्यम से लोगों में प्रेरणादायी संदेशों का प्रचारप्रसार किया जाएगा।

यह पार्क कन्याकुमारी स्थित स्वामी विवेकानंद रॉक मेमोरियल की तर्ज पर बनाया जा रहा है। यहां समुद्र के बीचों बीच विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की गई है। अशोका गार्डन में भी समुद्र जैसा वातावरण तैयार किया जाएगा। जनरेटर के माध्यम से यहां कृत्रिम समुद्र में लहरें उठाई जाएंगी। यहां की रेलिंग भी पत्थर की बनाई जाएंगी।

गुरुवार को सहकारिता एवं गैस राहत मंत्री विश्वास सारंग ने अशोका गार्डन स्थित नर्मदा पार्क के पास चिन्हित इस स्थल का निरीक्षण किया। सारंग ने अधिकारियों से पार्क के डिजाइन के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। मंत्री सारंग ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के धर्म, राजनीति, सामाजिक विचारों एवं दर्शन ज्ञान का प्रचार करने के लिए डिजिटल डिसप्ले लगाने के लिए रूपरेखा तैयार करें। स्वामी विवेकानंद के अलग-अलग संदेश थोड़ी-थोड़ी देर में दिखाई व सुनाई दें।

60 फीट लंबा म्यूजिकल फाउंटेन भी बनेगा

पार्क का डिजाइन तैयार करने वाले आर्किटेक्ट मनीष व्यवहार ने बताया कि करीब 18 हजार वर्गफीट में यह पार्क

तैयार किया जाएगा। इस पार्क में करीब 60 फीट लंबा म्यूजिकल फाउंटेन बनाया जाएगा। साथ ही पार्क में अन्य छोटे बड़े फाउंटेन भी बनाए जाएंगे। वहीं पार्क में लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। यहां एक एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। पार्किंग व्यवस्था का ध्यान रखा जाएगा।

टॉयेलट की भी करेंगे व्यवस्था : मंत्री सारंग से नागरिकों ने मांग की कि पार्क के साथ ही वहां टॉयलेट की भी व्यवस्था की जाए। इस पर सारंग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टॉयलेट बनाने के लिए भी पार्क

के आस-पास स्थान चिन्हित किया जाए।