कैटेलोनिया मध्यावधि चुनावों में अलगाववादियों को बहुमत

बार्सिलोना। कैटेलोनिया में हुए मध्यावधि चुनावों में अलगाववादियों ने बहुमत हासिल कर लिया है। इससे स्पेन की केंद्रीय सरकार को करारा झटका लगा है। साथ ही कैटेलोनिया संकट और गहरा गया है। स्पेन के साथ रहने की पक्ष धर सिटीजंस पार्टी को 25 फीसद वोट ही मिले हैं।
135 सदस्यों वाली संसद में उसे 37 सीटें मिली हैं। कैटेलोनिया की आजादी की समर्थक टुगेदर फॉर कैटेलोनिया पार्टी, रिपब्लिकन लेफ्ट ऑफ कैटेलोनिया और पापुलर यूनिटी ने कुल 70 सीटें जीती हैं।
गत अक्टूबर में कैटेलोनिया की आजादी के लिए हुए जनमत संग्रह को स्पेन सरकार ने अवैध करार देते हुए अलगाववादियों की सरकार को बर्खास्त कर दिया था। यही नहीं, स्पेनिश प्रधानमंत्री मारियानो राखोय ने कैटेलोनिया के राष्ट्रपति चार्ल्स पुइगदेमोंत के खिलाफ विद्रोह का मुकदमा चलाने का आदेश दिया था।
इसके बाद पुइगदेमोंत ने खुद को ब्रसेल्स में स्वनिर्वासित कर लिया। कैटेलोनिया में गुरुवार यानी 21 दिसंबर को मध्यावधि चुनाव कराए गए। चुनाव नतीजों में अलगाववादी पार्टियों के धड़े में ही चार्ल्स पुइगदेमोंत की टूगेदर फॉर कैटेलोनिया, रिपब्लिकन लेफ्ट ऑफ कैटेलोनिया से थोड़ा आगे है।
पुइगदेमोंत ने ब्रसेल्स में कहा कि कैटेलन रिपब्लिक ने चुनाव जीत लिया है। उन्होंने नतीजों को स्पेन सरकार की हार करार दिया है। टीवी पर दिए संदेश में उन्होंने कहा कि या तो राखोय अपना तरीका बदलें, नहीं तो हम देश बदलते हैं। उनके साथ पूर्ववर्ती सरकार के चार मंत्री भी हैं। वे भी पुइगदेमोंत के साथ कैटेलोनिया से भाग गए थे।
बाक्स-1
क्यों अलग होना चाहता है कैटेलोनिया
स्पेन एक महासंघ नहीं, बल्कि बहुत हद तक विकेंद्रीकृत एकीकृत देश है। उसके अंतर्गत कुल 17 स्वायत्त क्षेत्र हैं, जिनके अलग-अलग झंडे हैं। इन्हीं में एक कैटेलोनिया है। इसके पास अपनी संसद है। यह लंबे समय से स्पेन से वित्तीय स्वतंत्रता की मांग कर रहा है, लेकिन उसके मना करने के बाद उससे अलग होने की मांग बढ़ गई है।
कैटेलोनिया की गिनती स्पेन के सबसे समृद्ध और औद्योगीकरण वाले क्षेत्रों में होती है। गत एक अक्टूबर को यहां हुए जनमत संग्रह के बाद स्थानीय संसद ने आजादी का एलान कर दिया था। लेकिन स्पेन की संसद ने प्रस्ताव पारित कर कैटेलन सरकार को बर्खास्त कर दिया और कैटेलोनिया पर सीधा शासन स्थापित कर लिया।
बाक्स-2
कैटेलोनिया का इतिहास
75 लाख की आबादी वाले कैटेलोनिया की राजधानी बार्सिलोना है। इसका इतिहास करीब 1,000 साल पुराना है। स्पेन में गृहयुद्ध से पहले इसे स्वायत्तता मिली थी। 1939 से 1975 के बीच जनरल फ्रांसिस्को फ्रैंको के नेतृत्व में कैटेलोनिया की स्वायत्तता को खत्म कर दिया गया। फ्रैंको की मौत के बाद फिर से आजादी की मांग उठने लगी। इसके चलते 1978 में इसके पूर्वोत्तर इलाकों को फिर से स्वायत्तता देनी पड़ी।