गांधीसागर बना एडवेंचर टूरिज्म हब, अब फॉरेस्ट रिट्रीट, मालाश्री आइलैंड, मिनी गोवा से बढ़ेंगे पर्यटक

राजस्थान के पर्यटकों को एमपी लाने गांधी सागर फारेस्ट रिट्रीट में बढ़ाई पर्यटन गतिविधियां, नया आईलैंड भी बनेगा

विकास तिवारी, भोपाल

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ किले, कोटा के चंबल रिवर फ्रंट, महल और बूंदी की एतिहासिक बाबड़ी, किले और रणथंभौर और मुकुंदरा किले और टाइगर सफारी देखने आने वाले पर्यटकों को मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए आकर्षित करने मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग गांधी सागर फारेस्ट रिट्रीट में नई पर्यटक सुविधाओं और पर्यटन गतिविधियों का विस्तार कर रहा है। यहां पर्यटकों के लिए लक्जरी सुविधाओं से लैस टेंट सिटी बनाई गई है। यहां हिंगलाज रिसोर्ट का विस्तार किया जा रहा है साथ ही यहां एक नया आईलैँड मालाश्री और मिनी गोवा भी विकसित किया जा रहा है।

राजस्थान के पर्यटन स्थलों पर रोड शो करके पर्यटकों को राजस्थान से लगे मंदसौर के गांधी सागर फारेस्ट रिट्रीट पहुंचने के लिए आकर्षित किया जा रहा है।मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक टी इलैया राजा का कहना है कि राजस्थान के कोटा, उदयपुर में हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंचते है। इन पर्यटकों को मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों तक आने के लिए आकर्षित करने पर्यटन विभाग गांधी सागर फारेस्ट रिट्रीट में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, रणथंभौर, मुकुंदरा हिल्स और गांधी सागर के बीच दूरी काफी कम है। तीन से चार दिनों में पर्यटक एक बेहतरीन रोड ट्रिप प्लान कर सकते है। अगले महीने राजस्थान में हम रोड शो करने वाले है जिसमें गांधी सागर रिट्रीट और आसपास के पर्यटन स्थलों से पर्यटकों को अवगत कराया जाएगा।

 एक करोड़ से बनेगा मालाश्री आईलैंड

पर्यटकों के लिए मंदसौर जिले के गांधीसागर वन क्षेत्र में चंबल नदी के बीच मालाश्री आईलैंड विकसित किया जाएगा। एक करोड़ के निवेश से यहां 0.534 हेक्टेयर क्षेत्र में इसे विकसित किया जाएगा। यहां एक टेंट यूनिट तैयार की जाएगी। यह आईलैंड डेढ़ वर्ष में तैयार हो जाएगा यहां स्पीड वोट के जरिए पर्यटक जाकर ठहर सकेंगे और वहां कैंपिंग सनसेट व्यू प्वाइंट और अन्य गतिविधियों के साथ बेहतर खानपान की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी। पर्यटन बोर्ड के एमडी टी इर्लया राजा का कहना है कि पर्यटन विभाग का हिंगलाज रिसार्ट और इवोक के जरिए विकसित की गई टेंट सिटी यहां पहले से ही है चार और स्थानों पर भी निजी लोगों के जरिए पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

गांधी सागर फारेस्ट रिट्रीट का पांचवा संस्करण बना आकर्षण का केंद्र

पर्यटकों को प्रकृति के बीच रोमांच और सुकून का अनूठा अनुभव प्रदान करने के लिए मंदसौर के गांधीसागर जलाशय के सुरम्य बैकवाटर्स पर गांधी सागर फारेस्ट रिट्रीट का पांचवा संस्करण एमपी टूरिज्म बोर्ड और इवोक कैंपिंग के सहयोग से शुरु किया गया है। चंबल नदी के पास यहां लग्जरी टेंट सिटी विकसित की गई है। जिसमें साहसिक गतिविधियां हाईरोप, जिप लाईन, एटीवी राइड, साइकलिंग, डुओ साइकल और एयर गन शूटिंग जैसी सुविधाओं के साथ हवाई रोमांच के लिए पैरामोटरिंग और जलक्रीड़ा के लिए स्पीड बोट, जेटस्कीइंग, बनाना बोट, ड्रेगन बोट और क्याकिंग जैसी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित की जा रही है। जंगल सफारी, नाइट वाक, स्टार गेजिंग, बोट सफारी, बोट स्पा, योग वेलनेस सत्र और इंडोर खेलों का इंतजाम यहां किया गया है। वर्ष 2023 से शुरु हुए इस आयोजन से गांधीसागर राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म हब बनकर उभरा है।

चीते, प्राचीन रॉक पेंटिंग, एडवेंचर स्पोर्ट से खींचे चले आ रहे पर्यटक

 

गांधीसागर के नेचरोलिस्ट शुभम का कहना है कि यहां चार चीते छोड़े गए है।यहां हिंगलाज फोर्ट, चतुर्भुज नाले में सबसे पुरानी रॉक पेंटिंग मौजूद है। गांधी सागर जलाशय में एडवेंचर एक्टीविटी कर सकते है। यहां गांधी सागर डेम को देखने का भी एक अलग अनुभव है। गांधीसागर फारेस्ट रिट्रीट के पांचवे संस्करण में कई गतिविधियां हो रही है।

पर्यटन ही नहीं रोजगार भी बढ़ रहा

मंदसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह का कहना है कि गांधी सागर फारेस्ट रिट्रीट में पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव देने का प्रयास किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।