अवैध शराब रोकने पहुंचे TI को ट्रक चालक ने कुचला, मौके पर मौत; CM यादव ने परिवार को 1 करोड़ और पत्नी को SI पद पर नौकरी देने का किया ऐलान

 

भोपाल। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हरदा-नेमावर हाईवे पर संदिग्ध ट्रक को रोकने के दौरान चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में थाना प्रभारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शहीद TI के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को उप निरीक्षक (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का ऐलान किया है।

अवैध शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे थे TI

जानकारी के अनुसार, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वे कार्रवाई के लिए हरदा-नेमावर हाईवे पर पहुंचे। यहां संदिग्ध ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 को रोकने के दौरान ट्रक चालक ने उन्हें कुचल दिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी की मौके पर ही मौत हो गई।

दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। वे वर्तमान में खातेगांव थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई इस घटना ने पुलिस विभाग को झकझोर दिया है।

मुख्यमंत्री ने एक करोड़ की सहायता और पत्नी को SI पद पर नौकरी देने की घोषणा की

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर थाना प्रभारी दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देवास जिले के खातेगांव में कर्तव्य निर्वहन के दौरान थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने शहीद अधिकारी के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनकी धर्मपत्नी को SI के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का भी निर्णय लिया है।

स्पेशल DG उपेंद्र जैन घटनास्थल रवाना, निष्पक्ष जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पेशल डीजी श्री उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया है, ताकि मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

CM ने बाबा महाकाल से की प्रार्थना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

कर्तव्य निर्वहन के दौरान थाना प्रभारी की इस तरह हुई मौत ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।