दामिनी और मेघदूत बताएंगे कब गरजेंगे बादल, कब बरसेगी बिजली 

मोबाइल फोन पर ऐप से घर बैठे जान सकेंगे मौसम का हाल

नई दिल्ली। कब गरजने वाले हैं बादल और कहां पर गिरेगी बिजली कहां आने वाला है तूफानी चक्रवात यह सब लोग अपने मोबाइल फोन पर घर बैठे जान सकेंगे। मौसम विभाग में ने मौसम का हाल बताने के लिए मेघदूत और दामिनी नाम से दो मोबाइल एप लॉन्च किए हैं जिनके जरिए मौसम का ताजा अपडेट आम लोगों को तुरंत मिल सकेगा।

आमजन और किसानों को उनके मोबाइल फोन पर मौसम में बदलाव की सटीक जानकारी के साथ ही बिजली गिरने की चेतावनी भी मिल सकेगी। मोबाइल पर पूर्व सूचना और चेतावनी मिलने पर न सिर्फ जानमाल की क्षति से बचा जा सकेगा बल्कि खेती के संबंधित जानकारी भी किसानों को मिलेगी।

मौसम विज्ञान विभाग, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल और इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चर रिसर्च की संयुक्त पहल पर आम लोगों के साथ ही किसानों तक मौसम और खेती संबंधी उपयोगी जानकारी पहुंचाने के लिए ये दामिनी और मेघदूत एप लॉन्च किये गए है। मेघदूत एप मौसम के अनुसार खेती की जानकारी देगा, जिसमें तापमान, आर्द्रता, हवा की गति, दिशा सहित मौसम संबंधी अन्य पूर्वानुमान की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इससे किसान बदलते मौसम के अनुसार खेती का काम आसानी से कर सकते हैं।

 वज्रपात का भेजेगा अलर्ट

दामिनी एप से बारिश के दिनों में होने वाले वज्रपात की सटीक और सही जानकारी मिल पाएगी, जो 40 किलोमीटर के दायरे में बिजली गिरने के संभावित स्थान की जानकारी देता है। वज्रपात की गति की जानकारी भी यह एप देगा।