11 साल पहले गिब्स का बनाया ये रिकॉर्ड जो शायद कभी न टूटे

मल्टीमीडिया डेस्क। खेल की दुनिया में वैसे तो हमेशा नए-नए कीर्तिमान बनते रहते हैं, लेकिन कुछ कीर्तिमान और उपलब्धियां ऐसी होती हैं, जो किसी खिलाड़ी के नाम हमेशा बनी रहती है। ऐसा ही एक कारनामा दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने ठीक 11 साल पहले 2007 वनडे विश्व कप में 16 मार्च को बासेटेरे में नीदरलैंड्स के खिलाफ किया था।
वे किसी विश्व कप मैच में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे। एक ओवर में छह छक्के तो इससे पहले भी लगाए जा चुके थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच और विशेषकर विश्व कप में ऐसी उपलब्धि हासिल करने का यह पहला मौका था। गिब्स की इस उपलब्धि में वॉर्नर पार्क के अपेक्षाकृत छोटे मैदान ने पूरी मदद की। उन्होंने डच पार्ट टाइम लेग स्पिनर डॉन वॉन बुंगे के ओवर में इतिहास रचा।
वैसे इस मामले में इसी वर्ष भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने उनकी बराबरी की, जब उन्होंने टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के जड़े। अब कोई भी बल्लेबाज इस मामले में गिब्स की बराबरी तो कर सकता है, लेकिन इस मामले में पहले बल्लेबाज होने का उनका श्रेय तो हासिल नहीं कर सकता है। बुंगे दक्षिण अफ्रीकी पारी का 30वां ओवर डाल रहे थे और गिब्स उनके सामने थे। गिब्स ने लगातार छह छक्के जड़कर कीर्तिमान बनाया।
गिब्स ने यूं रचा था इतिहास…
29.1 ओवर: बुंगे की गेंद पर गिब्स ने आगे बढ़कर लांग ऑन पर छक्का जड़ा।
29.2 ओवर: लेग और मिडिल स्टंप पर डाली गई गेंद पर गिब्स ने लांग ऑफ बाउंड्री के ऊपर से बाहर भेजा।
29.3 ओवर: इस तेज डाली गई गेंद पर गिब्स ने लांग ऑफ पर छक्का जड़ा।
29.4 ओवर: इस लो फुलटॉस को गिब्स ने डीप मिडविकेट बाउंड्री के ऊपर से बाहर भेजा।
29.5 ओवर: ऑफ स्टंप पर डाली गई इस गेंद पर हैरतअंगेज ढंग से वाइड लांग ऑफ पर छक्का लगाया।
29.6 ओवर: ऑफ स्टंप के बाहर की इस गेंद पर डीप मिडविकेट पर छक्का लगाकर गिब्स ने इतिहास रचा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले वे दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।