क्या स्मार्ट मीटर से मिलती है बिजली खपत में छूट, जानें स्‍मार्ट मीटर के बारे में

 

भोपाल । क्या स्मार्ट मीटर पुराने मीटरों की तुलना में अधिक बिजली खर्च करते हैं? क्या स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच की गई बिजली की खपत पर 20% की छूट प्रदान की जाती है। जानिए अपने बिजली स्मार्ट मीटर के बारे में उन सभी सवालों के जवाब जो आप जानना चाहते है।

 

*प्रश्न 1. स्मार्ट मीटर क्या है?*

उत्‍तर- स्मार्ट मीटर एक आधुनिक और डिजिटल बिजली मीटर है जो पारंपरिक मीटर की तुलना में कहीं अधिक सुविधाएँ प्रदान करता है। यह उपभोक्ता को अपनी बिजली खपत की रियल-टाइम जानकारी देता है और उसे खर्च पर नियंत्रण रखने में मदद करता है।

*प्रश्न 2. स्मार्ट मीटर लगाना क्यों आवश्यक है?*

उत्‍तर- मध्‍य प्रदेश मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अंतर्गत केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की अधिसूचना 23.12.2019 के विनियम 4 एवं मध्‍य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग द्वारा जारी मध्‍य प्रदेश विद्युत प्रदाय संहिता की कंडिका 8.1 के परिपालन में स्‍मार्ट मीटर लगाना आवश्‍यक है।

*प्रश्न 3. स्मार्ट मीटर और पुराने मीटर में क्या अंतर हैं?*

उत्‍तर- स्मार्ट मीटर भी पुराने पारंपरिक मीटर की तरह ही कार्य करता है, परंतु इसमें एक अतिरिक्त कम्‍युनिकेशन

मॉड्यूल (संचार इकाई) जोड़ी गई है, जिसकी मदद से मीटर में दर्ज रीडिंग एवं खपत की जानकारी सीधे सर्वर तक डिजिट रूप में भेजी जाती है, जो उपभोक्‍ता को भी मोबाइल ऐप के माध्‍यम से प्रदर्शित की जाती है।

*प्रश्न 4. क्या स्मार्ट मीटर पुराने मीटरों की तुलना में अधिक बिजली खर्च करते हैं?*

उत्‍तर- बिल्‍कुल नहीं। स्मार्ट मीटर कई स्तरों पर परीक्षण के बाद ही लगाए जाते हैं । ये ऊर्जा खपत को बेहतर बनाते हैं और आपको अपनी बिजली उपयोगिता की जानकारी देकर नियंत्रण प्रदान करते हैं। यदि किसी को शक हो तो वह चेक मीटर के लिये आवेदन कर सकता है, उसके परिसर पर चेक मीटर नि:शुल्‍क लगाये जायेंगे।

*प्रश्न 5. पुराने मीटरों की तुलना में स्मार्ट मीटर के क्या लाभ हैं?*

उत्‍तर-

• वास्तविक समय में खपत की जानकारी।

• सटीक मीटर रीडिंग।

• उपभोक्ताओं को सटीक ऊर्जा खपत की निगरानी के माध्यम से समुचित निर्णय लेने में सक्षम बनाना।

• स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच की गई बिजली की खपत पर 20% की छूट प्रदान की जा रही है।

• यदि घरेलू उपभोक्ता अपने स्मार्ट मीटर को प्रीपेड कराता है तो उसको ऊर्जा प्रभार पर अतिरिक्‍त 25 पैसा प्रति यूनिट की छूट प्रदान की जायेगी। प्रीपेड मीटर का विकल्प चुनने वाले उपभोक्ता को कोई सुरक्षा राशि जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।

• बिजली की दरें घरेलू कनेक्शन में (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक):

खपत इकाई स्लैब (Unit Slab) सामान्य मीटर में ऊर्जा प्रभार (पैसे में) स्मार्ट मीटर में 20% लाभ

(पैसे में) स्मार्ट मीटर में ऊर्जा प्रभार (पैसे में)

0–50 यूनिट 445 89 356

51–150 यूनिट 541 108.2 433

151–300 यूनिट 679 135.8 543

300 से अधिक 698 139.6 558

तालिका केवल उदाहरण हेतु है। विस्तृत जानकारी के लिए म.प्र.म.क्षे.वि.वि.कं.लि. भोपाल *(portal.mpcz.in)* से संपर्क करें।

 

*प्रश्न 6. उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने वाली टीम की पहचान कैसे करें?*

उत्‍तर- उपभोक्ता वितरण कंपनी द्वारा जारी प्राधिकरण पत्र या पहचान पत्र देखकर प्रतिनिधियों की सत्यता की पुष्टि कर सकते हैं।

 

*प्रश्न 7. स्मार्ट मीटर लगाते समय बिजली कितनी देर के लिए बंद रहेगी?*

उत्‍तर- स्मार्ट मीटर स्थापना के दौरान लगभग 10 मिनट का समय लगता है।

 

*प्रश्न 8. क्या स्मार्ट मीटर लगाने के लिए कोई शुल्क देना होगा?*

उत्‍तर- नहीं। स्मार्ट मीटर पूरी तरह मुफ्त में उपलब्ध कराए जाते हैं और नि:शुल्क लगाए जाते हैं।