मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 जिलों के कलेक्टर बदले; सुखवीर बने सीएम के प्रमुख सचिव

 

भोपाल।

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राज्य सरकार ने 11 जिलों के कलेक्टरों सहित मंत्रालय के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में मुख्यमंत्री सचिवालय में भी नई पदस्थापना हुई है। सुखवीर सिंह को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वे लोक निर्माण विभाग (PWD) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।वहीं, भरत यादव को मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के प्रबंध संचालक की मौजूदा जिम्मेदारी के साथ जनसंपर्क विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

सीनीयर आईएएस अधिकारियों में रश्मि अरुण शमी को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव (ACS) बनाया गया है। वहीं, केसी गुप्ता को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

कम कार्यकाल वाले कलेक्टर भी हटाए गए

मध्यप्रदेश में हुए प्रशासनिक फेरबदल को मुख्यमंत्री मोहन यादव के सख्त रुख से भी जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय में कमी को तबादलों की एक वजह माना जा रहा है। इस फेरबदल में कम समय से पदस्थ कलेक्टरों को भी हटाया गया है। इससे संकेत मिलते हैं कि जिला प्रशासन के कामकाज और प्रदर्शन को पदस्थापनाओं में महत्व दिया जा रहा है।

आदित्य सिंह और रोहित सिसोनिया की मुख्यधारा में वापसी

इस प्रशासनिक फेरबदल में 2017 बैच के आईएएस अधिकारियों को पहली बार जिले की कमान सौंपने की कवायद भी आगे बढ़ी है। आदित्य सिंह और रोहित सिसोनिया को कलेक्टर की जिम्मेदारी देकर फिर मुख्यधारा में लाया गया है। दोनों अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पन्ना और बालाघाट की चुनौतियों पर नजर

सरकार ने पन्ना और बालाघाट जैसे जिलों की प्रशासनिक चुनौतियों को भी ध्यान में रखा है। पन्ना में केन-बेतवा परियोजना से जुड़े भू-अर्जन के मामले महत्वपूर्ण हैं। वहीं, बालाघाट में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं। इन समस्याओं से निपटने के लिए अनुभवी कलेक्टरों की पदस्थापना पर जोर दिया गया है।

किस जिलों में कौन बना कलेक्टर?

कुमार सत्यम कलेक्टर, बालाघाट को हरदा कलेक्टर बनाया गया है। इसी तरह अरुण विश्वकर्मा कलेक्टर, रायसेन को कलेक्टर जबलपुर,अंकित अस्थाना डायरेक्टर, ईएसबी को कलेक्टर सिंगरौली,रोहित सिसोनिया उप सचिव, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग को कलेक्टर रायसेन,परिक्षित संजयराव झाड़े सीईओ, आईडीए को कलेक्टर शाजापुर, आशीष वशिष्ठ एमडी, एमपीएसडीएल, भोपाल को कलेक्टर नर्मदापुरम,आदित्य सिंह संचालक, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास, भोपाल को कलेक्टर बालाघाट,किरोड़ी लाल मीना कलेक्टर भिंड को उप सचिव, वित्त विभाग, मप्र,राघवेन्द्र सिंह कलेक्टर, जबलपुर को प्रबंध संचालक, कृषि विपणन बोर्ड-सह-आयुक्त मण्डी, ऋजु बाफना कलेक्टर शाजापुर को अपर आयुक्त (राजस्व), उज्जैन संभाग बनाया गया है।