तो क्या प्रशासनिक फेरबदल से सुधर जाएगी यूपी की कानून-व्यवस्था
उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था से प्रदेश सरकार चिंतित है। विपक्ष एक सुर से लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर भाजपा को घेरने में जुटा है। भाजपा विधायक भी योगीराज में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री और सरकार के मंत्री हर हाल में कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कर रहे हैं। सरकार यूपी में लगातार एक के बाद एक आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को इधर से उधर कर रही है। लेकिन अपराध हैं कि बढ़ते ही जा रहे हैं। जेवर कांड और सहारनपुर हिंसा इसका ताजा उदाहरण है।
रविवार को योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 222 पीसीएस औरर 141 पीपीएस अफसरों के तबादले कर दिए। इससे पहले भी योगी सरकार ने शनिवार को भी चार आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। बीते 25 मई को 174 पीसीएस अधिकारियों और 19 मई को 74 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। लखनऊ कलेक्ट्रेट में एडीएम स्तर के नौ अधिकारियों सहित लगभग पूरा प्रशासनिक अमला बदल गया है। योगी सरकार के करीब दो माह के कार्यकाल में यह सबसे बड़ा तबादला है।
तो क्या प्रशासनिक फेरबदल से सुधरेगी कानून-व्यवस्था
सरकार सूबे में क्राइम पर कंट्रोल के लिए लगातार प्रशासनिक फेरबदल कर रही है। पिछले दिनों अधिकारियों का तबादला और नई नियुक्तियों को इस इसी दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि प्रशासनिक फेरबदल के अलावा पुलिस को निष्पक्षता से काम करना चाहिए। वहीं, हरदोई जिले के सामाजिक कार्यकर्ता सुनील बाजपेई का मानना है कि सरकार को एक महीने के लिए पुलिस को फ्री-हैंड दे देना चाहिए। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार हीरेश पांडेय ऐसा नहीं मानते, उनका कहना है कि जब तक अधिकारियों के तबादले नेताओं के इशारे पर होते रहेंगे, कानून-व्यवस्था पर पूरी तरह से अंकुश लगाना संभव नहीं है।
बीजेपी विधायकों ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
झांसी जिले के चारों विधायकों ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर बिगड़ी कानून-व्यवस्था में सुधार लाने को कहा है। विधायकों ने एसएसपी को बताया कि जिले में कैसे अपराध परवान चढ़ रहा है। उन्होंने डॉयल 100 में लगे सिपाहियों में बदलाव की मांग करते हुए कहा कि यूपी-100 की गाड़ियों में पुराने सिपाही ही लगे हुए हैं। कई बार ये शिकायतकर्ता को ही आरोपी बना देते हैं।