GST इम्पैक्ट: कर्नाटक में एंट्री टैक्स खत्म होने से पेट्रोल-डीजल सस्ता
नई दिल्ली,4 जुलाई। जीएसटी लागू होते ही कई चीजों में बदलाव नज़र आने लगा है। कई चीज़ों के दाम कम हुए है तो कई चीज़ों को बढ़ गए हैं। इसी बीच कर्नाटक के लोगों के लिए एक अच्छी खबर आ रही है। यहां लोगों को बढ़़ते पेट्रोल-डीज़ल के दाम से राहत मिली है। यहां पेट्रोल और डीजल लगभग 3 रुपए प्रति लीटर सस्ते हो गए हैं।
कर्नाटक में पेट्रोल-डीज़ल सस्ता होने की वजह राज्य में एंट्री टैक्स का समाप्त होना है। 1 जुलाई से दक्षिण भारत में सबसे सस्ता पेट्रोल कर्नाटक में मिल रहा है। GST व्यवस्था से अप्रत्यक्ष रूप से मोटर व्हीकल इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ हुआ है क्योंकि कर्नाटक सरकार ने 5 फीसदी एंट्री टैक्स समाप्त कर दिया है। एंट्री टैक्स समाप्त होने से कर्नाटक में पेट्रोल 2.80 रुपए और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर सस्ता हो गया है। 1 जुलाई को कर्नाटक के मंगलुरू में डीजल सबसे सस्ता 53.65 रुपए प्रति लीटर था लेकिन बेंगलुरू में इसकी कीमत 54.23 रुपए प्रति लीटर थी जबकि शुक्रवार को 57.08 रुपए प्रति लीटर।
16 जून से पूरे भारत में अंतरराष्ट्रीय मार्केट के मुताबिक डीजल और पेट्रोल की कीमतें तय होने लगी हैं। अभी तेल की कीमतों में रोजाना कुछ पैसे की कमी आ रही है। 16 जून से लेकर 26 जून तक पेट्रोल-डीज़ल के दाम में काफी कमी आई थी। पिछले 11 दिन में दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 3.20 रुपये प्रति लीटर की कमी आई थी।