‘लिपस्टिक अंडर माय बुर्का’ ने दूसरे हफ्ते की भी की जोरदार शुरुआत

‘लिपस्टिक अंडर माय बुर्का’ ने दूसरे हफ्ते की भी जोरदार शुरुआत की है। यह फिल्म तगड़ा मुनाफा कमाने की राह पर है। दूसरे शुक्रवार को भी इस फिल्म ने लगभग एक करोड़ रुपया कमाया।
शुक्रवार को इसे 94 लाख रुपए मिले। कई नई फिल्में रिलीज हुई हैं, फिर भी यह फिल्म अपनी गिनी-चुनी स्क्रीन्स पर जमी हुई है। अब तो हर दिन होने वाली कमाई इसका मुनाफ बढ़ा रही है क्योंकि इसे मात्र सात लाख रुपए में बना लिया गया था।
कुल कमाई 11.90 करोड़ रुपए हो गई है। देशभर में इसे केवल 400 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था। दूसरे हफ्ते में स्क्रीन्स में कोई खास फर्क नहीं आया है। इस लिहाज से शुरुआती आठ दिन की कमाई बढ़िया रही।
यह फिल्म तब से ही चर्चा में है जब से इसका बेहद बोल्ड ट्रेलर रिलीज हुआ। सेंसर के बैन के कारण सुर्ख़ियों में आई प्रकाश झा प्रोडक्शन की फिल्म ‘लिपस्टिक अंडर माय बुर्का’ को लेकर माहौल रिलीज से पहले बन चुका था।
इस फिल्म से एकता कपूर भी जुड़ गई। उन्हें ‘लव सेक्स धोखा’, ‘द डर्टी पिक्चर’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी विवादित फिल्मों को सेंसर से निकाल लाने का खूब अनुभव है तो वे इसे भी निकाल लाईं। उन्हीं की बदौलत ये भी ऱिलीज हो पाई है।