डोकलाम विवाद के बीच चीनी विद्यार्थियों से मिले जेएनयू वीसी

डोकलाम में भारत और चीन के बीच जारी गतिरोध का असर अब राजधानी के विश्वविद्यालयों में भी दिखने लगा है। चीन ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) व जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में पढ़ रहे अपने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इस बीच जेएनयू के कुलपति प्रो एम जगदीश कुमार ने कैंपस में चीन मूल के विद्यार्थियों से मुलाकात की।
चीन की चिंता को लेकर जेएनयू के कुलपति प्रो एम जगदीश कुमार ने विवि में पढ़ रहे चीन मूल के विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि जेएनयू में चीनी मूल के सभी विद्यार्थी खुश हैं और उनकी उपस्थिति हमारे लिए महत्वपूर्ण है। जेएनयू में चीन मूल के 16 विद्यार्थी वर्तमान में विभिन्न अकादमिक गतिविधियों में शामिल हैं। मंगलवार को जेएनयू के रेक्टर प्रो चिंतामणी महापात्रा ने ट्वीट में लिखा था कि चीन डीयू व जेएनयू में पढ़ रहे अपने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। इन विद्यार्थियों को क्या करना है और क्या नहीं करना है इसके बारे में चीन ने एडवाइजरी जारी की है। इसके बाद से दोनों विश्वविद्यालयों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था। उनका कहना है कि एक मीडिया रिपोर्ट को देखने के बाद उन्होंने यह ट्वीट किया था।
हम जेएनयू में अध्ययन कर रहे चीन मूल के विद्यार्थियों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि वे सभी यहां सुरक्षित हैं। जेएनयू में उनकी उपस्थिति हमारे लिए महत्वपूर्ण है। चीनी मूल के सभी विद्यार्थी यहां रहकर खुश हैं। मैंने उन्हें कैंपस स्थित अपने आवास में आने के लिए आमंत्रित किया है।