आज से रोजाना बदलेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम, ग्राहकों को मिलेगा फायदा
खरगोन. इंटरनेशनल बाजार में कू्रड ऑयल के दामों में हर दिन अंतर देखा जाता है। इसका असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी होता है। ईंधन के दामों में हर दिन चंद पैसों का बदलाव होता है। एक या दो पैसों के अंतर से लाखों ग्राहकों को देशभर में करोड़ों रूपए की चपत लगती थी।पंप संचालक अब ऐसा नहीं कर पाएंगे।सरकार के नए निर्देशों के अनुसार गुरुवार आधी रात के बाद पंप संचालकों को रोजाना ईंधन के दाम बदलना पड़ेंगे।हर दिन के तय दाम रात को ऑटोमेशन मशीन में सेट कर ईंधन बेचना पड़ेगा। इससे ग्राहकों को फायदा मिलने की उम्मीद है।हालांकि पेट्रोल पंप संचालक इस तकनीक के खिलाफ नजर आ रहे है। पंप संचालकों का कहना है कि रोज रात को ईंधन के भाव बदलना संभव नहीं है। कंपनियों से रेट आने में देरी होती है। ईंधन बिक्री का ब्यौरा रखना पड़ता है। हर दिन रेट में अंतर होने पर रिकॉर्ड स्टोर करने की परेशानी होगी। इसके साथ ही सर्वर की दिक्कतों के कारण संचालकों को देर रात तक परेशान होना पड़ेगा।
हड़ताल को लेकर संशय
16 जून से प्रदेश में पंप संचालकों द्वारा हड़ताल पर जाने की अटकले चल रही है।इस संबंध में कोई अधिकृत सूचना नहीं है।शहर में हड़ताल को लेकर संशय की स्थिति है। इसके बारे में पंप संचालकों के पास भी कोई सूचना नहीं है।
माह में दो बार बदले जाते है भाव
वर्तमान में अधिकांश पंपों में माह की शुरूआत में 1 से 3 तारीख और 15-16 तारीख को भाव बदले जाते थे। पंद्रह दिनों के रेट के औसत के आधार पर कंपनी से कीमतें तय होती थी। पंप संचालकों ने बताया कईपंपों पर ऑटोमेशन मशीन न होने के कारण दिक्कत आ रही है।कीमतों में बदलाव के बाद देर रात तक मशीन अपडेट नहीं हो पाती। इससे पंप बंद कर अगले दिन अपडेशन करना पड़ता है।
यह है ऑटोमेशन
यह सिस्टम सभी पेट्रोल पंपों में लगा होना चाहिए। इस सिस्टम के जरिए कोई भी कंपनी अपने मुख्यालय में बैठक ही दूरस्थ क्षेत्र के पंप का हिसाब-किताब रख सकती है कि उस पंप में कितना पेट्रोल है। कितनें की बिक्री हुई है। इस सिस्टम के जरिए रोजाना कीमतों का मैसेज भी आता है। इस मैसेज को देखकर ही पंप संचालक नए रेट आम लोगों तक पहुंचाते हैं। इसके जरिए पंपों पर रोजाना रेट अपडेट होगा और आम जनता के लिए रेट दिखाया भी जाएगा।